
भागलपुर जिला विधिज्ञ संघ (बार एसोसिएशन) के सत्र 2026-28 के चुनाव में एक बार फिर अनुभवी नेताओं का दबदबा देखने को मिला। निवर्तमान अध्यक्ष वीरेश प्रसाद मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वहीं अंजनी कुमार ने महासचिव पद पर भी अपना कब्जा बरकरार रखा। दोनों नेताओं ने अपने-अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को स्पष्ट अंतर से हराकर अधिवक्ताओं का भरोसा एक बार फिर हासिल किया।
अध्यक्ष और महासचिव पद पर शानदार मुकाबला
अध्यक्ष पद के चुनाव में वीरेश प्रसाद मिश्रा को 976 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मुक्ति प्रसाद सिंह को 696 वोट प्राप्त हुए। इस तरह वीरेश मिश्रा ने 280 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। वहीं महासचिव पद पर अंजनी कुमार को 800 वोट मिले, जबकि मृत्युंजय कुमार सिंह को 676 वोट प्राप्त हुए। अंजनी कुमार ने 126 मतों के अंतर से चुनाव अपने नाम किया।

कोषाध्यक्ष पद पर अंजनी कुमार सुमन की बड़ी जीत
कोषाध्यक्ष पद के मुकाबले में अंजनी कुमार सुमन ने 554 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पंकज शांडिल्य को 158 वोटों के अंतर से पराजित किया। पंकज शांडिल्य को कुल 396 वोट मिले। चुनाव परिणाम घोषित होते ही बार एसोसिएशन परिसर में समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।
रविवार को होगी शेष पदों की मतगणना
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मोहम्मद सम्सउद्दीन और सहायक निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार राय ने बताया कि अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पदों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। कार्यकारिणी समिति के शेष पदों की मतगणना रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई जाएगी। इस अवसर पर बिहार बार काउंसिल के सदस्य प्रेम नाथ ओझा, दीपक कुमार तिवारी, विनोद कुमार यादव, नारायण पाठक, मंजर आलम सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी।