बहादुरगढ़ में BJP जिला उपाध्यक्ष की Brezza चोरी, महज 7 मिनट में वारदात; CCTV में कैद हुए चोर

हरियाणा के बहादुरगढ़ में चोरों ने रिहायशी इलाके में घर के बाहर खड़ी भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेश भारद्वाज की ब्रेजा कार चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि तीन संदिग्ध चोर क्रेटा कार से पहुंचे और महज 7 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। GPS की मदद से कार को उत्तर प्रदेश के लोनी देहात से बरामद कर लिया गया, लेकिन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
घर के बाहर से कार लेकर फरार हुए चोर
घटना बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 की बताई जा रही है। गुरुवार तड़के करीब 4 बजे तीन संदिग्ध एक क्रेटा कार से भाजपा नेता नरेश भारद्वाज के घर के सामने पहुंचे।
CCTV फुटेज के मुताबिक, संदिग्धों ने पहले आसपास का जायजा लिया। इसके बाद एक युवक ब्रेजा कार के पास पहुंचा और कुछ ही देर में कार लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात को अंजाम देने में करीब 7 मिनट का समय लगा।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घर के बाहर लगे CCTV कैमरों में तीन संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।
रिहायशी इलाके में CCTV कैमरे लगे होने के बावजूद इतनी आसानी से कार चोरी होने से स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि इलाके में रात के समय पुलिस की नियमित गश्त पर्याप्त नहीं है।

GPS से ट्रेस हुई कार, लोनी से बरामद
चोरी की गई ब्रेजा में GPS सिस्टम लगा हुआ था। इसके चलते पुलिस को कार की लोकेशन ट्रेस करने में मदद मिली।
शुरुआत में कार की लोकेशन गाजियाबाद में मिली और बाद में चोरी की गई कार को उत्तर प्रदेश के लोनी देहात से बरामद कर लिया गया। हालांकि, कार चोरी करने वाले संदिग्ध अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।
20 साल से BJP से जुड़े हैं नरेश भारद्वाज
नरेश भारद्वाज पिछले करीब 20 वर्षों से भाजपा से जुड़े बताए जाते हैं। वह पार्टी में जिला महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं और वार्ड नंबर-21 से नगर परिषद का चुनाव भी लड़ चुके हैं।
कार चोरी के बाद उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान की चुनौती
CCTV फुटेज में तीन संदिग्धों के दिखाई देने और चोरी की कार बरामद होने के बाद अब पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले की जांच कर रही है।
इस घटना ने बहादुरगढ़ में रिहायशी इलाकों की सुरक्षा और रात में पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
