
‘बिग बॉस 20’ का यह हफ्ता काफी विवादों से भरा रहा। वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट नकुल ढुल के फिजिकल वॉयलेंस के चलते शो से बाहर होने के बाद अब वीकेंड का वार में सलमान खान पूरे मामले पर घरवालों से सवाल-जवाब करते नजर आएंगे। इस दौरान रॉकस्टार काजी तौकीर भी सलमान के निशाने पर होंगे।
गुल्लू की सलमान ने की तारीफ
नए प्रोमो में सलमान खान, गुल्लू की तारीफ करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने हाथापाई के दौरान खुद पर संयम बनाए रखने के लिए गुल्लू की सराहना की।
इसके बाद सलमान ने काजी तौकीर से सवाल किया कि जब गुल्लू और नकुल के बीच विवाद बढ़ा तो उन्होंने गुल्लू के पक्ष में स्टैंड क्यों नहीं लिया।
सलमान ने काजी को फटकार लगाते हुए कहा कि झड़प शुरू होने के बाद भी वह जमीन पर बैठे रहे और उन्हें तुरंत उठकर स्थिति संभालने की कोशिश करनी चाहिए थी। काजी ने इस पर अपनी गलती स्वीकार करते हुए पछतावा जताया।
स्काउट के कान में थूकने को लेकर भी नाराज सलमान
काजी तौकीर की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। सलमान खान ने स्काउट ओपी के कान में थूकने की घटना को लेकर भी उन्हें जमकर फटकार लगाई।

सलमान ने सवाल उठाया कि काजी को यह हरकत मजाक क्यों लगी और इसमें उन्हें क्या ‘कूल’ लगा। काजी ने अपनी सफाई देने की कोशिश की, लेकिन सलमान इस व्यवहार से खासे नाराज नजर आए।
कैसे शुरू हुआ था पूरा विवाद?
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत काजी तौकीर की एक हरकत से हुई थी। बताया जा रहा है कि काजी ने मजाक के दौरान स्काउट ओपी के कान में थूक दिया था।
इसके बाद काजी ने अन्य घरवालों के साथ इस घटना को लेकर बातचीत की। वहीं मौजूद नकुल ढुल ने यह बात सुन ली और जाकर स्काउट को इसके बारे में बताया।
स्काउट ने काजी से इस हरकत को लेकर सवाल किया। इसी दौरान नकुल और गुल्लू भी बातचीत में शामिल हो गए।
बहस के बाद हुई हाथापाई
बातचीत के दौरान गुल्लू ने भी अपनी राय रखी, जिससे नकुल नाराज हो गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
घरवालों ने इस घटना के बाद बिग बॉस से कार्रवाई की मांग की। कई कंटेस्टेंट्स ने कहा कि अगर नकुल को घर में रखा गया तो वे खुद शो छोड़ देंगे।
इसके बाद बिग बॉस ने घर के सबसे महत्वपूर्ण नियमों में से एक फिजिकल वॉयलेंस का उल्लंघन करने के कारण नकुल ढुल को शो से बाहर कर दिया।
अब काजी पर क्या होगी कार्रवाई?
अब वीकेंड का वार में सलमान खान काजी तौकीर के व्यवहार पर सवाल उठाते नजर आएंगे। एक तरफ झगड़े के दौरान गुल्लू के लिए स्टैंड नहीं लेने को लेकर उन्हें फटकार मिलेगी, वहीं दूसरी तरफ स्काउट के कान में थूकने वाली घटना भी उनके लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि सलमान की फटकार के बाद काजी तौकीर अपने व्यवहार को लेकर क्या सफाई देते हैं और आने वाले दिनों में बिग बॉस उनके खिलाफ कोई अतिरिक्त कार्रवाई करते हैं या नहीं।
