INDIA गठबंधन की रैली से AAP ने किया किनारा, चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल

Delhi news(Speed bharat news): AAP INDIA गठबंधन रैली को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपना रुख साफ कर दिया है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा है कि उनकी पार्टी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में शामिल नहीं होगी। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि वह INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं है। ऐसे में रैली में शामिल होने को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए।
हालांकि संजय सिंह ने इस दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का मुद्दा जोर शोर से उठाया। उन्होंने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि SIR के नाम पर देशभर में 13 करोड़ 37 लाख वोट काटे गए हैं। संजय सिंह का कहना है कि यह आम लोगों के मतदान के अधिकार से जुड़ा गंभीर मामला है और इस पर जवाब मिलना चाहिए।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग भी दोहराई। संजय सिंह ने कहा कि SIR के नाम पर अगर लोगों के वोट हटाए गए हैं तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की है।
संजय सिंह ने लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी यानी तार्किक गड़बड़ियों के आधार पर वोट काटे जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि अगर इस तरह मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं तो पश्चिम बंगाल में हुआ चुनाव भी रद्द किया जाना चाहिए।
दिल्ली का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्र में ही मतदाता सूची से 40 हजार नाम हटाए गए हैं। इसी आधार पर उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव रद्द कराने की मांग उठाई।
संजय सिंह ने बिहार हरियाणा कर्नाटक और महाराष्ट्र समेत दूसरे राज्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जहां भी इस तरह की गड़बड़ी हुई है वहां दोबारा चुनाव कराए जाने चाहिए। उनकी मांग लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनावों को लेकर है।
फिलहाल एक नवंबर की रैली में AAP शामिल नहीं होगी लेकिन SIR और वोटर लिस्ट का मुद्दा उठाकर पार्टी चुनाव आयोग पर लगातार सवाल खड़े कर रही है।