मणिपुर में बदलेगी सत्ता? 2027 के चुनाव में बीजेपी के सामने बड़ी चुनौती

Manipur News(Speedbharatnews): मणिपुर विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अभी से राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। उत्तर प्रदेश और पंजाब के साथ मणिपुर में भी अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। बीजेपी के लिए यह चुनाव आसान नहीं रहने वाला है। पिछले कुछ सालों में राज्य में हुई हिंसा और राजनीतिक हालात ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या बीजेपी एक बार फिर सरकार बना पाएगी या इस बार राज्य में सत्ता बदल जाएगी।
मणिपुर में बीजेपी करीब एक दशक से सत्ता में है। हालांकि बीच में राष्ट्रपति शासन भी लागू रहा। अब 2027 के चुनाव में पार्टी के सामने अपनी सरकार बचाने की चुनौती होगी। विपक्षी दल लगातार मणिपुर में हुई हिंसा को लेकर बीजेपी और केंद्र सरकार पर सवाल उठाते रहे हैं। इसका असर आने वाले चुनाव में देखने को मिल सकता है।
चुनावी आंकड़ों पर नजर डालें तो बीजेपी के लिए कुछ सीटें काफी अहम साबित हो सकती हैं। मणिपुर की 60 विधानसभा सीटों में से 22 सीटें ऐसी बताई जा रही हैं जहां पिछले चुनाव में उम्मीदवारों की हार जीत का अंतर काफी कम रहा था। इनमें कई सीटों पर हार का अंतर एक हजार वोटों के आसपास रहा। ऐसे में अगर इन सीटों पर वोटों का थोड़ा भी अंतर बदलता है तो चुनाव का पूरा गणित बदल सकता है।
सीएसडीएस के प्रोफेसर और चुनावी विश्लेषक संजय कुमार ने अपने एक लेख में मणिपुर के मौजूदा राजनीतिक हालात और चुनावी समीकरणों पर चर्चा की है। उनके मुताबिक हाल के वर्षों में हुए चुनावों की तुलना में 2027 में बीजेपी की स्थिति ज्यादा कमजोर नजर आ सकती है।
दरअसल मणिपुर में हुई हिंसा का मुद्दा अभी भी राजनीति के केंद्र में बना हुआ है। विपक्ष इसे चुनाव में बड़ा मुद्दा बना सकता है। वहीं बीजेपी के सामने जनता का भरोसा दोबारा जीतने की चुनौती रहेगी। राज्य के अलग अलग इलाकों में लोगों की नाराजगी और स्थानीय मुद्दे भी चुनावी नतीजों पर असर डाल सकते हैं।
हालांकि अभी चुनाव में समय है और किसी भी पार्टी की जीत या हार को लेकर पक्के तौर पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन इतना जरूर है कि मणिपुर में बीजेपी के लिए 2027 का चुनाव आसान नहीं दिख रहा है। अब देखना होगा कि पार्टी अपने पुराने वोट बैंक को बचा पाती है या विपक्ष इस बार सत्ता बदलने में कामयाब होता है।