मनोरंजन

E20 पेट्रोल पर राहुल गांधी का बड़ा आरोप, बोले जनता की जेब से हो रही चोरी

DELHI NEWS(Speed bharat news):   E20 पेट्रोल को लेकर देश में एक बार फिर बहस तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की पेट्रोल नीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि इससे आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ रहा है और लोगों की गाड़ियों को नुकसान पहुंच रहा है। राहुल गांधी का कहना है कि जनता की गाड़ी से पेट्रोल चोरी की जा रही है और इस मुद्दे को कांग्रेस बड़े स्तर पर उठाएगी।

राहुल गांधी पहले भी E20 पेट्रोल को लेकर सरकार पर निशाना साध चुके हैं। उनका कहना है कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक एथेनॉल मिलाने की नीति से आम वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए अपनी बात रखी थी और कहा था कि यह मामला बहुत बड़ा है। राहुल गांधी ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर आगे व्यापक अभियान चलाएगी।

इसी बीच कर्नाटक से सामने आई एक रिपोर्ट ने E20 पेट्रोल को लेकर चिंता और बढ़ा दी है। कर्नाटक सरकार के मंत्री रिजवान अरशद ने दावा किया कि राज्य के सात जिलों से लिए गए पेट्रोल के कुछ नमूनों की जांच में एथेनॉल की मात्रा तय 20 प्रतिशत से ज्यादा मिली है। एक नमूने में यह मात्रा 31.2 प्रतिशत तक बताई गई है जबकि दूसरे में 30.5 प्रतिशत एथेनॉल मिलने का दावा किया गया है।

राज्य सरकार ने इन जांच रिपोर्टों के आधार पर तेल कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई और प्रभावित वाहन मालिकों को मुआवजा देने की मांग की है। हालांकि तेल कंपनियों ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। कंपनियों का कहना है कि जांच तय नियमों और तकनीकी प्रक्रिया के मुताबिक नहीं हुई है। उनके अनुसार देश में सप्लाई किया जा रहा E20 पेट्रोल निर्धारित मानकों के अनुरूप है।

E20 पेट्रोल को लेकर सरकार का कहना है कि एथेनॉल के इस्तेमाल से कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम होती है और किसानों को भी फायदा मिलता है। वहीं विपक्ष वाहन चालकों की परेशानी और पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठा रहा है।

अब इस पूरे मामले में जांच और दोनों पक्षों के दावों के बाद ही साफ हो पाएगा कि पेट्रोल में तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल मिलाया गया है या नहीं। फिलहाल E20 पेट्रोल का मुद्दा राजनीतिक बहस के साथ आम लोगों की चिंता भी बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button