प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की शादी 4 दिसंबर को लखनऊ में होगा भव्य समारोह

India News(Speedbharatnews): राजनीति और क्रिकेट जगत से जुड़ी एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज और भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी की तारीख तय हो गई है। 4 दिसंबर को लखनऊ में दोनों सात फेरे लेंगे। इस शादी को लेकर परिवार और करीबियों के बीच तैयारियां शुरू हो गई हैं।
प्रिया सरोज मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं जबकि रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के जाने माने खिलाड़ी हैं। दोनों की शादी को लेकर काफी समय से चर्चा चल रही थी और अब विवाह की तारीख सामने आने के बाद उनके चाहने वालों में भी खुशी देखने को मिल रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों की शादी का कार्यक्रम लखनऊ के होटल रमाडा में रखा गया है। शादी से पहले होने वाली रस्में 3 दिसंबर से शुरू होंगी। इस दिन मेहंदी और पूजा का कार्यक्रम होगा। इसके बाद 4 दिसंबर को मुख्य विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। परिवार की ओर से शादी को खास बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
इस शादी में राजनीति और क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। खबरों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत करीब 2000 मेहमानों को न्योता दिया जाएगा। हालांकि सभी मेहमानों की मौजूदगी को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार रहेगा।
रिंकू सिंह ने क्रिकेट के मैदान पर अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से अलग पहचान बनाई है। वहीं प्रिया सरोज भी राजनीति में अपनी सक्रियता को लेकर चर्चा में रहती हैं। ऐसे में दोनों की शादी सिर्फ दो परिवारों का कार्यक्रम नहीं बल्कि राजनीति और खेल जगत के लोगों के लिए भी खास मौका बनने जा रही है।
फिलहाल दोनों परिवारों में शादी की तैयारियों को लेकर उत्साह है। 3 दिसंबर से शुरू होने वाली रस्मों के बाद 4 दिसंबर को लखनऊ में यह खास शादी संपन्न होगी। अब लोगों की नजरें इस बात पर हैं कि इस समारोह में कौन कौन सी बड़ी हस्तियां शामिल होती हैं।
