
भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय विधान परिषद उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रत्याशी सोनू कुमार राय ने जीत हासिल कर पार्टी को बड़ी सफलता दिलाई है। गुरुवार को परिणाम घोषित होते ही पटना स्थित आरजेडी कार्यालय में जश्न का माहौल बन गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और जीत का उत्सव मनाया। इस जीत को लेकर पार्टी नेताओं ने इसे लोकतंत्र और जनप्रतिनिधियों के भरोसे की जीत बताया है। आरजेडी खेमे में इस परिणाम को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
RJD ने फिर उठाए EVM और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल
इस जीत के बाद आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी पहले से ही यह आरोप लगाती रही है कि चुनावों में “मशीनरी मैनेजमेंट” अपनाया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने दावा किया कि जहां बैलेट पेपर से मतदान और गिनती होती है, वहां जनता का असली फैसला सामने आता है और आरजेडी को जीत मिलती है। उन्होंने 2020 विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि जिन सीटों पर बैलेट आधारित गिनती हुई थी, वहां पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया था।

सोशल मीडिया पोस्ट से तेज हुई राजनीतिक बहस
शक्ति सिंह यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भोजपुर-बक्सर उपचुनाव के नतीजों ने साबित कर दिया है कि जहां ईवीएम और मशीनरी का हस्तक्षेप नहीं होता, वहां जनता आरजेडी के पक्ष में फैसला देती है। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। विपक्षी दलों की ओर से इस तरह के आरोपों को लेकर पहले भी सवाल उठाए जाते रहे हैं और अब इस जीत के बाद आरजेडी ने फिर से चुनाव प्रक्रिया को मुद्दा बना दिया है।
तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर पार्टी नेताओं ने जताया भरोसा
इस जीत पर आरजेडी नेताओं ने तेजस्वी यादव के नेतृत्व की जमकर तारीफ की। प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि यह जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया और तेजस्वी यादव के प्रति पार्टी कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों के भरोसे की जीत है। वहीं पार्टी प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि भोजपुर-बक्सर की जनता ने इस परिणाम के जरिए साफ कर दिया है कि उनका विश्वास तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के अधिकारों और मुद्दों को जिस तरह से तेजस्वी यादव ने उठाया है, जनता ने उसी पर अपनी मुहर लगाई है।
