नरसिंहपुर में मोहन यादव का बड़ा ऐलान महिलाओं और किसानों को मिली सौगात

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ की 36वीं किश्त जारी की। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 महिलाओं के खातों में 1835 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के जरिए ट्रांसफर की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 296 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 40 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया। मंच पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने बच्चियों पर पुष्प वर्षा की और स्थानीय संस्कृति से जुड़ते हुए लाठी कला दिखा रहे बच्चे को गोद में लेकर दुलार किया। गौ-पूजन और प्रदर्शनियों के अवलोकन के साथ कार्यक्रम में कई हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कांग्रेस पर हमला, महिलाओं के सम्मान को बताया सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के सम्मान की अनदेखी की, जबकि उनकी सरकार नारी शक्ति को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने कभी कहा था कि लाड़ली बहना योजना सिर्फ चुनाव तक सीमित रहेगी, लेकिन सरकार ने वादा निभाते हुए लगातार महिलाओं के खातों में सहायता राशि पहुंचाई है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब तक सरकार लगभग 55 हजार करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में ट्रांसफर कर चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा पूरे देश में मजबूत हो रही है जबकि कांग्रेस धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है।

महिला सशक्तिकरण और किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रखना चाहती बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए बड़े कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 34 लाख महिला किसानों को उन्नत खेती और पशुपालन से जोड़ा गया है। यदि कोई महिला 25 गायों के पालन की योजना बनाती है तो सरकार उसे 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को उद्योगों और फैक्ट्रियों में काम करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा और काम पर जाने वाली महिलाओं के खातों में सरकार 5 हजार रुपये ट्रांसफर करेगी। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं केवल सिलाई-कढ़ाई तक सीमित नहीं हैं बल्कि कंप्यूटर और एआई जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही हैं। पुलिस विभाग में 33 प्रतिशत भर्ती महिलाओं के लिए आरक्षित करने की बात भी उन्होंने दोहराई।
विकास कार्यों और नई योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नरसिंहपुर को कई विकास योजनाओं की सौगात देते हुए कहा कि नर्मदा सहित सात नदियों पर नए पुल बनाए जाएंगे और मुंगवानी में नया महाविद्यालय खोला जाएगा। शेर नदी पर 24 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण और नरसिंहपुर स्टेडियम में हॉकी एस्ट्रो टर्फ लगाने की घोषणा भी की गई। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की फसल का दाना-दाना खरीदेगी और उड़द पर 600 रुपये बोनस भी दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम की है और मंत्रियों से भी ऐसा करने को कहा है ताकि डीजल-पेट्रोल की बचत हो सके। उन्होंने जल संरक्षण और सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए चलाई जा रही योजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार लोगों की सुरक्षा और विकास दोनों के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
