
गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के ढढौना गांव में सोमवार रात चोरों ने दो घरों में धावा बोल दिया। चोरों ने ताले काटकर घरों में प्रवेश किया और लाखों रुपये नकद, जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
बेटी की शादी से पहले घर में हुई बड़ी चोरी
पहली घटना गांव निवासी राममिलन निषाद के घर हुई। चोरों ने दरवाजे का ताला काटकर घर में प्रवेश किया और पूरे मकान को खंगाल डाला।
परिवार के अनुसार, घर से करीब एक लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये से अधिक कीमत के गहने व अन्य सामान चोरी हुआ है। खास बात यह है कि नवंबर में राममिलन निषाद की बेटी की शादी प्रस्तावित है और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था।
घटना के समय राममिलन, उनकी पत्नी उषा देवी और बच्चे घर में ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।
रिटायर्ड रोडवेज कर्मी के घर भी चोरी
दूसरी वारदात यूपी रोडवेज के रिटायर्ड कंडक्टर गोविंद सिंह के घर हुई। चोर जंगले के छज्जे के सहारे घर में दाखिल हुए।
चोरों ने अलमारी में रखे 3500 रुपये नकद चोरी कर लिए। आशंका जताई जा रही है कि किसी आहट के कारण चोर ज्यादा सामान नहीं ले जा सके और जल्दी भाग निकले।

सुबह हुई चोरी की जानकारी
सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो उन्हें घर का ताला टूटा मिला। बाहर खाली ट्रंक पड़ा देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई।
इसके बाद तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में उनवल चौकी इंचार्ज अविनाश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़ित परिवारों की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में चिंता
एक ही रात में दो घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। अब लोगों की नजर पुलिस की जांच और चोरों की गिरफ्तारी पर है।
पुलिस चोरी की वारदातों को सुलझाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है।