देशराज्य

दिवाली के बाद दिल्ली में सांसों पर संकट, AQI रिकॉर्ड से बाहर! अस्पतालों में बढ़ सकते हैं मरीज

DELHI NEWS(Speed bharat news):   दिल्ली NCR में दिवाली के बाद प्रदूषण ने ऐसी हालत कर दी है कि लोगों के लिए खुली हवा में सांस लेना भी मुश्किल होता जा रहा है। दिल्ली NCR प्रदूषण को लेकर पूर्व एम्स निदेशक और जाने माने डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने बड़ी चेतावनी दी है। उनका कहना है कि हवा में प्रदूषण का स्तर इतना ज्यादा हो गया है कि कुछ जगहों पर AQI भी इसे ठीक से दर्ज नहीं कर पा रहा है। ऐसी जहरीली हवा पहले से बीमार लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।

डॉ. रणदीप गुलेरिया ने बताया कि जब AQI इतना ऊपर पहुंच जाता है कि उसकी सही रीडिंग तक नहीं मिल पाती तो समझना चाहिए कि हालात बेहद खराब हैं। यह सिर्फ आम प्रदूषण नहीं बल्कि मेडिकल इमरजेंसी जैसी स्थिति है। खासकर उन लोगों को ज्यादा खतरा है जिन्हें पहले से सांस की बीमारी या दिल से जुड़ी परेशानी है।

दिवाली की रात दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बेहद ज्यादा दर्ज किया गया। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक AQI 1331 तक पहुंच गया था जबकि एक अमेरिकी एयर क्वालिटी प्लेटफॉर्म पर यह आंकड़ा 1757 तक बताया गया। पटाखों के धुएं ने पहले से खराब हवा को और जहरीला बना दिया।

डॉक्टर गुलेरिया ने आशंका जताई है कि आने वाले दिनों में सांस से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ सकती है। अस्पतालों में ओपीडी और इमरजेंसी में आने वाले मरीजों की संख्या 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ने की आशंका है। उन्होंने बताया कि लोगों को सांस लेने में परेशानी और सीने में जकड़न जैसी दिक्कतें होने लगी हैं।

उनका कहना है कि सिर्फ अस्थमा या दिल के मरीज ही नहीं बल्कि स्वस्थ लोग भी इस जहरीली हवा से प्रभावित हो सकते हैं। बच्चों और बुजुर्गों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है।

डॉ. गुलेरिया ने लोगों को सलाह दी है कि बेवजह घर से बाहर न निकलें और सुबह की सैर फिलहाल घर के अंदर ही करें। बाहर जाना जरूरी हो तो N95 मास्क पहनें। जिन लोगों को पहले से बीमारी है वे अपनी दवाएं समय पर लें और परेशानी बढ़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें।

दिल्ली की हवा में घुलता यह जहर अब लोगों की सेहत के लिए बड़ी चिंता बन गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदूषण पर काबू पाना सरकार और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button