
DELHI NEWS(speedbharatnews): कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिवाली को लेकर दिए गए बयान पर अब राजनीति गरमा गई है। खड़गे ने दिवाली को खुशियों की ईद बताया था। उनके इस बयान के बाद बीजेपी और शिवसेना के नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। वहीं कांग्रेस ने भी अपने अध्यक्ष का बचाव करते हुए बीजेपी को जवाब दिया है।
दरअसल 7 नवंबर को दिवाली के मौके पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने देशवासियों को त्योहार की शुभकामनाएं दी थीं। इस दौरान उन्होंने कहा था कि दिवाली खुशियों की ईद है और कई दिनों तक चलने वाली ईद है। उनके इसी बयान को लेकर अब राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने खड़गे के बयान पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस दिवाली जैसे त्योहार पर भी वोट बैंक की राजनीति करने से पीछे नहीं हट रही है। उन्होंने कांग्रेस पर हिंदू और सनातन विरोधी सोच रखने का आरोप लगाया।
बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने भी इस बयान को लेकर कांग्रेस को घेरा। उनका कहना था कि ईद और दिवाली दोनों त्योहारों की अपनी अलग पहचान और परंपरा है। उन्होंने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से सवाल किया कि क्या वे कभी ईद को खुशियों की दिवाली कहेंगे।
शिवसेना नेता आनंद दुबे ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और त्योहारों का सम्मान होना चाहिए लेकिन दिवाली और ईद दोनों की अपनी अलग पहचान है। दिवाली भगवान राम के वनवास से अयोध्या लौटने की खुशी में मनाई जाती है इसलिए इसे दिवाली ही रहने देना चाहिए।
वहीं कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को गलत बताया है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि ईद शब्द का मतलब त्योहार भी होता है। ऐसे में खड़गे के बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने बीजेपी पर बेवजह विवाद खड़ा करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने भी खड़गे का समर्थन किया। उनका कहना है कि ईद शब्द का इस्तेमाल खुशी जाहिर करने के लिए भी किया जाता है और खड़गे की बात को इसी भावना से समझना चाहिए।
फिलहाल खड़गे के इस बयान को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक तरफ बीजेपी इसे वोट बैंक की राजनीति बता रही है तो दूसरी तरफ कांग्रेस इसे त्योहारों के बीच भाईचारे और खुशी का संदेश बता रही है।