सोनिया गांधी की किताब पर प्रियांक खरगे का बीजेपी पर हमला

INDIA NEWS(Speed bharat news): सोनिया गांधी की किताब पर विवाद अब लगातार बढ़ता जा रहा है। बीजेपी की ओर से किताब को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर कांग्रेस नेता और कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने खुलकर जवाब दिया है। उन्होंने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले अपना इतिहास सुधारें फिर दूसरों की किताबों पर सवाल उठाएं।
दरअसल कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब बिहॉन्गिंग ए जर्नी ऑफ लव बाजार में आने के बाद से ही राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। बीजेपी की तरफ से किताब में लिखी गई कुछ बातों पर आपत्ति जताई जा रही है। इसी को लेकर प्रियांक खरगे ने कहा कि आखिर बीजेपी को सोनिया गांधी की आत्मकथा से इतनी परेशानी क्यों हो रही है।
उन्होंने कहा कि यह किताब सोनिया गांधी के निजी जीवन उनके विचारों और उनके अनुभवों पर आधारित है। इसमें उन्होंने अपनी जिंदगी के बारे में बातें लिखी हैं। अगर बीजेपी को इस किताब से कोई परेशानी है तो यह उनकी अपनी सोच का मामला है।
प्रियांक खरगे ने आरोप लगाया कि बीजेपी के पास अब जनता से जुड़े असली मुद्दों पर बात करने के लिए कुछ नहीं बचा है। इसलिए पार्टी सोनिया गांधी की किताब को लेकर बेवजह विवाद खड़ा कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले एक महीने तक बीजेपी इसी मुद्दे पर राजनीति करती रहेगी।
इस दौरान प्रियांक खरगे ने टीपू सुल्तान को लेकर बीजेपी के नेताओं की तरफ से दिए जा रहे बयानों पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी को इतिहास की सही जानकारी नहीं है और पार्टी हर मुद्दे को धर्म से जोड़कर देखने की कोशिश करती है।
खरगे ने टीपू सुल्तान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ चार एंग्लो मैसूर युद्ध लड़े थे। ऐसे में उनके इतिहास को समझे बिना बयानबाजी करना सही नहीं है।
फिलहाल सोनिया गांधी की किताब को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और गरमाने के आसार हैं।
