
Kannauj News(Speed bharat news): उत्तर प्रदेश के कन्नौज में दिवाली की रात एक ऐसी वारदात हुई जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। कन्नौज में BJP विधायक के भाई की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। छिबरामऊ में थाने के पास एक अधिवक्ता को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस मामले में कांग्रेस के जिला महासचिव अमूल दीक्षित पर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान अनुज कुमार चतुर्वेदी के रूप में हुई है। वह पेशे से वकील थे और बीजेपी विधायक अर्चना पांडे के पारिवारिक भाई बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक यह घटना दिवाली की शाम करीब साढ़े छह बजे छिबरामऊ कोतवाली के सामने वाली गली में हुई। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में अफरा तफरी मच गई।
परिजनों की तरफ से बताया गया है कि आरोपी अमूल दीक्षित का मृतक के छोटे भाई से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान मारपीट और थप्पड़ मारने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि जब अनुज कुमार चतुर्वेदी इस विवाद को सुलझाने और विरोध करने पहुंचे तो आरोपी ने कथित तौर पर पिस्तौल निकाल ली और एक के बाद एक चार गोलियां चला दीं। गोली लगने से अनुज की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही बीजेपी विधायक अर्चना पांडे भी मौके पर पहुंचीं। अपने परिवार के सदस्य की मौत से वह काफी भावुक नजर आईं। वहीं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक समेत भारी पुलिस बल ने घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए पांच टीमें बनाई हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग अलग जगह दबिश दी जा रही है। शुरुआती जानकारी में हत्या के पीछे चुनावी रंजिश और जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि इन वजहों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कन्नौज में BJP विधायक के भाई की हत्या के बाद राजनीतिक हलकों में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपी को पकड़ने की कोशिश जारी है।