दिल्ली में बवाल के बाद बड़ा फैसला, DMRC ने बंद किए 16 मेट्रो स्टेशन; CRPF तैनात

दिल्ली में जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में जारी प्रदर्शन के बीच सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। हालिया बवाल और उपद्रव की घटनाओं के बाद DMRC ने राजधानी के 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को एहतियातन बंद करने का फैसला लिया है, जबकि कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
DMRC ने 16 मेट्रो स्टेशन किए बंद
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए 16 मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया है। हालांकि, राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय (Central Secretariat) स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी, लेकिन यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने और प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
कौन-कौन से स्टेशन रहेंगे बंद?
DMRC के अनुसार जिन स्टेशनों को बंद किया गया है उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं।

जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस में बढ़ाई गई सुरक्षा
सोमवार को संसद मार्च के दौरान हुए हंगामे और मंगलवार रात जंतर-मंतर तथा कनॉट प्लेस इलाके में हुई उपद्रव की घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी में सतर्कता बढ़ा दी है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
CRPF और दिल्ली पुलिस की तैनाती
जानकारी के मुताबिक संसद मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में CRPF के जवानों को तैनात किया गया है। वहीं जंतर-मंतर के आसपास स्थित राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशनों पर दिल्ली पुलिस की विशेष निगरानी जारी है। पुलिस मेट्रो स्टेशनों के बाहर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रही है।
प्रदर्शन के बाद लिया गया फैसला
इससे पहले संसद मार्च के दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पहुंच गए थे, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों की समीक्षा के आधार पर DMRC ने एहतियातन कई स्टेशनों को बंद करने का निर्णय लिया।
दिल्ली में जारी प्रदर्शन और सुरक्षा स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद करने और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपने रूट और मेट्रो सेवाओं की स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें।