
विजयवाड़ा: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में निवेशकों और उद्योगपतियों से मुलाकात कर उन्हें मध्य प्रदेश में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने राज्य की निवेश प्रोत्साहन नीतियों, औद्योगिक कॉरिडोर और अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की उद्योग-हितैषी नीतियों और अनुकूल औद्योगिक वातावरण के कारण निवेशकों के लिए राज्य में बड़े अवसर मौजूद हैं। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में निवेश करने वाले उद्योगों को हर दृष्टि से लाभ मिलेगा।
25 सरलीकृत नीतियों की दी जानकारी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निवेशकों के साथ वन-टू-वन चर्चा में राज्य की निवेश प्रोत्साहन नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 25 सरलीकृत नीतियां लागू की हैं।
उन्होंने धार जिले में पीएम मित्र पार्क और ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग इकाई जैसे प्रोजेक्ट्स का उल्लेख करते हुए कहा कि ये निवेश अब क्रियान्वयन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसके अलावा जबलपुर-इंदौर औद्योगिक कॉरिडोर की योजना का भी जिक्र किया गया।
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना से मुलाकात
विजयवाड़ा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अभिनेता विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना से भी मुलाकात की। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश फिल्म शूटिंग के लिए देश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की फिल्म-फ्रेंडली नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि ये नीतियां फिल्म निर्माताओं को मध्य प्रदेश की ओर आकर्षित कर रही हैं।
GIS 2027 के लिए निवेशकों को दिया न्योता
मोहन यादव ने निवेशकों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि 2025 में भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में करीब 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए थे।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, इनमें से करीब एक-तिहाई प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जा चुका है। उन्होंने आगामी समिट को मध्य प्रदेश में नए निवेश और औद्योगिक साझेदारियों के लिए महत्वपूर्ण मंच बताया।
टेक्सटाइल और कृषि क्षेत्र में निवेश पर जोर
मुख्यमंत्री ने टेक्सटाइल क्षेत्र के उद्योगपतियों से धार स्थित पीएम मित्र पार्क और कपास उत्पादक क्षेत्रों में इकाइयां स्थापित करने पर चर्चा की। स्पिनिंग, होम टेक्सटाइल, बुनाई और प्रोसेसिंग से जुड़ी संभावनाओं पर भी बातचीत हुई।
कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में दलहन उत्पादक इलाकों के नजदीक दाल मिल स्थापित करने और कॉफी ब्लेंडिंग, पैकिंग एवं वितरण केंद्र विकसित करने जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
सीमेंट, खनन और रिन्यूएबल एनर्जी पर फोकस
मुख्यमंत्री ने सीमेंट, खनन और बिजली उत्पादन क्षेत्रों से जुड़े उद्योग प्रतिनिधियों के साथ औद्योगिक आवश्यकताओं पर चर्चा की। मशीनिंग, कास्टिंग, कलपुर्जों और सर्विस सेंटर स्थापित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
इसके अलावा इंफ्रास्ट्रक्चर, सिंचाई, बांध निर्माण, सौर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और पंप्ड स्टोरेज जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर भी उद्योगपतियों से बातचीत हुई।
पवन कल्याण से भी मुलाकात
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से भी मुलाकात की। इसके अलावा आंध्र प्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री फेडरेशन के अध्यक्ष पोतलूरी भास्कर राव से भी चर्चा की और उन्हें व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ GIS 2027 में शामिल होने का न्योता दिया।
मुख्यमंत्री के इस दौरे का उद्देश्य आंध्र प्रदेश और खाड़ी देशों के निवेशकों को मध्य प्रदेश के औद्योगिक अवसरों से जोड़ना और राज्य में नए निवेश को आकर्षित करना बताया गया।
