
भारतीय कुश्ती जगत में एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। कांग्रेस नेता और अंतरराष्ट्रीय पहलवान Vinesh Phogat के गंभीर आरोपों के बाद अब पूर्व बीजेपी सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष Brij Bhushan Sharan Singh की प्रतिक्रिया सामने आई है। दिल्ली की Rouse Avenue Court पहुंचे बृज भूषण शरण सिंह ने मीडिया से बातचीत में तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “ये जो रायता फैलाकर गईं हैं देवी, हम उसकी निपट रहे हैं कोर्ट में।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और खेल जगत में हलचल और तेज हो गई है। लंबे समय से चल रहे इस विवाद ने अब कानूनी और राजनीतिक दोनों मोर्चों पर नया मोड़ ले लिया है। एक तरफ विनेश फोगाट लगातार खुद को निशाना बनाए जाने की बात कह रही हैं तो दूसरी ओर बृज भूषण सिंह आरोपों को पूरी तरह खारिज करते नजर आ रहे हैं।
‘WFI कभी खिलाड़ियों को नहीं रोकता’, बृज भूषण ने दी सफाई
मीडिया से बातचीत में बृज भूषण शरण सिंह ने साफ कहा कि कुश्ती के मुकाबले कहां होंगे और कौन खिलाड़ी हिस्सा लेगा, यह पूरी तरह भारतीय कुश्ती महासंघ यानी Wrestling Federation of India के अधिकार क्षेत्र का विषय है। उन्होंने कहा कि वह अब महासंघ के अध्यक्ष नहीं हैं, लेकिन अपने अनुभव के आधार पर यह जरूर कह सकते हैं कि WFI कभी किसी खिलाड़ी को जानबूझकर मुकाबले से नहीं रोकता। बृज भूषण ने कहा कि यदि किसी खिलाड़ी को रोका गया होगा तो उसके पीछे कोई ठोस कारण जरूर रहा होगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि महासंघ का पूरा अस्तित्व खिलाड़ियों के लिए है और खिलाड़ियों के हितों के खिलाफ काम करने का सवाल ही नहीं उठता। हालांकि उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कुछ लोग इसे सफाई बता रहे हैं तो कुछ इसे विनेश फोगाट के आरोपों का अप्रत्यक्ष जवाब मान रहे हैं।

राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई, SIT सदस्य का बयान दर्ज
इस पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई भी तेजी से आगे बढ़ रही है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ चल रहे मामले में मंगलवार को SIT सदस्य का बयान दर्ज किया गया। कोर्ट ने अब जांच अधिकारी यानी IO का बयान दर्ज करने के लिए अगली सुनवाई 15 और 19 मई को तय की है। इस केस पर पूरे देश की नजर बनी हुई है क्योंकि यह मामला सिर्फ खेल जगत तक सीमित नहीं रह गया बल्कि राजनीतिक रंग भी ले चुका है। महिला पहलवानों के आरोपों के बाद देशभर में प्रदर्शन हुए थे और मामला संसद से लेकर सड़कों तक पहुंच गया था। अब कोर्ट में चल रही सुनवाई को इस विवाद का सबसे अहम चरण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में जांच अधिकारी के बयान और अदालत की प्रक्रिया इस केस की दिशा तय कर सकती है।
क्या बोली थीं विनेश फोगाट, क्यों बढ़ा विवाद?
भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने हाल ही में WFI पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्हें जानबूझकर प्रतियोगिताओं से दूर रखने की कोशिश की जा रही है। विनेश ने दावा किया था कि उन्हें लगातार विवादों में उलझाकर मानसिक रूप से परेशान किया गया ताकि वह खुद कुश्ती छोड़ने का फैसला कर लें। उन्होंने कहा था कि उन्होंने अधिकारियों से साफ कहा कि अगर उन्हें मुकाबला नहीं करने देना है तो सीधे कह दिया जाए। विनेश के मुताबिक उन्हें ऐसा महसूस कराया गया कि वे सिस्टम के लिए बोझ बन चुकी हैं। उनके इन आरोपों के बाद कुश्ती जगत में भूचाल आ गया था और कई खिलाड़ियों ने भी खुलकर अपनी राय रखी। अब बृज भूषण के बयान के बाद यह विवाद फिर सुर्खियों में आ गया है। खेल राजनीति और अदालत के बीच फंसा यह मामला आने वाले दिनों में और बड़ा रूप ले सकता है।
