यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने का दावा! CEO ने CM योगी को दिया जवाब

Uttar Pradesh News(Speedbharatnews): उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने के दावे पर अब मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा ने अपनी बात रखी है। उन्होंने साफ कहा है कि निर्वाचन विभाग के पास ऐसा कोई आंकड़ा नहीं है जिससे पता चल सके कि कितने हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं।
दरअसल यूपी में ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई और निर्वाचन विभाग से भी इस मामले पर जवाब मांगा जाने लगा।
इस पूरे मामले पर CEO नवदीप रिणावा ने बताया कि मतदाता सूची तैयार करते समय किसी भी व्यक्ति का धर्म नहीं पूछा जाता है। वोटर लिस्ट में नाम पता जन्मतिथि और दूसरी जरूरी जानकारियां दर्ज होती हैं लेकिन इसमें धर्म बताने के लिए कोई अलग कॉलम नहीं होता है।
उन्होंने कहा कि जब विभाग के पास धर्म के हिसाब से मतदाताओं का रिकॉर्ड ही नहीं है तो यह बताना मुमकिन नहीं है कि कितने हिंदू या मुस्लिम मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। निर्वाचन विभाग के पास ऐसा कोई आधिकारिक डेटा मौजूद नहीं है जिसके आधार पर धर्म के हिसाब से नाम कटने की संख्या बताई जा सके।
अब CEO के इस जवाब के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में यह मुद्दा और गरमा सकता है। एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावे को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो दूसरी तरफ निर्वाचन विभाग ने अपने पास धर्म के आधार पर आंकड़े होने से साफ इनकार किया है।
फिलहाल इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा मतदाता सूची को लेकर हो रही है। 2027 के चुनाव से पहले वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और किसी तरह की गड़बड़ी होने पर उसे ठीक कराने का मुद्दा राजनीतिक बहस का बड़ा हिस्सा बनता दिखाई दे रहा है।
