ब्रजेश पाठक की अखिलेश यादव को चुनौती, जाति और तुष्टिकरण छोड़कर विकास पर चुनाव लड़ने को कहा

Uttar Pradesh News(Speedbharatnews): उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के बीच बयानबाजी तेज होती जा रही है। इसी बीच डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें खुली चुनौती दी है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव जाति और मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति छोड़कर विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़कर दिखाएं। उनका कहना है कि बीजेपी जनता के बीच सिर्फ चुनाव के समय नहीं आती बल्कि पूरे पांच साल लोगों के साथ खड़ी रहती है।
ब्रजेश पाठक ने विरोधी दलों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राजनीति में सभी दलों का स्वागत है और हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है लेकिन बीजेपी के सामने कोई टिक नहीं पाएगा। उन्होंने एनडीए गठबंधन की एकजुटता का जिक्र करते हुए इसे लोहे की दीवार बताया। उनके मुताबिक गठबंधन की मजबूती ही विपक्ष के सामने सबसे बड़ी चुनौती है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बीजेपी का काम केवल चुनाव के दौरान जनता से वोट मांगना नहीं है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पूरे पांच साल लोगों के बीच रहते हैं और उनके सुख दुख में शामिल होते हैं। जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना पार्टी की प्राथमिकता है।
ब्रजेश पाठक के इस बयान को उत्तर प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल से जोड़कर देखा जा रहा है। एक तरफ बीजेपी विकास और अपने कामकाज को चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी लगातार सरकार को अलग अलग मुद्दों पर घेर रही है।
फिलहाल ब्रजेश पाठक की इस चुनौती पर अखिलेश यादव की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है यह देखना दिलचस्प होगा। लेकिन इतना साफ है कि यूपी की सियासत में आने वाले दिनों में जुबानी जंग और तेज हो सकती है।
