
Uttar Pradesh News(Speedbharatnews): उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ही सियासी हलचल तेज हो गई है। यूपी में वोटर जोड़ो अभियान 2026 को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद इस पूरे अभियान की कमान संभाल ली है। पार्टी का मकसद है कि मतदाता सूची में जिन लोगों के नाम छूट गए हैं उन्हें हर हाल में जुड़वाया जाए।
लखनऊ में बीजेपी की एक अहम बैठक हुई जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। बैठक में मतदाता सूची को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और पार्टी के नेताओं को साफ संदेश दिया गया कि इस काम में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
दरअसल उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम कटने की खबरों के बाद राजनीतिक पार्टियां सतर्क हो गई हैं। बीजेपी अब बूथ स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ ही मतदाताओं के नाम जुड़वाने के काम में जुटने जा रही है। इसके लिए मतदाता जोड़ो अभियान चलाने का फैसला लिया गया है।
पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को निर्देश दिया है कि वे हर बूथ पर मतदाता सूची की अच्छी तरह जांच करें। इसके बाद घर घर जाकर ऐसे लोगों की पहचान करें जिनका नाम किसी वजह से वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाया है। खास तौर पर महिलाओं सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले परिवारों और पहली बार वोट डालने जा रहे युवाओं पर ध्यान देने को कहा गया है।
बीजेपी की कोशिश है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को लोगों से सीधे संपर्क करने और जरूरी प्रक्रिया पूरी कराकर उनके नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
2027 के विधानसभा चुनाव में अभी समय है लेकिन बीजेपी ने जिस तरह से मतदाता सूची पर काम शुरू किया है उससे साफ है कि पार्टी चुनावी तैयारी में पहले से ही जुटना चाहती है। आने वाले दिनों में इस अभियान को प्रदेश के सभी बूथों तक पहुंचाने की तैयारी है। अब देखना होगा कि बीजेपी का यह अभियान यूपी की चुनावी राजनीति में कितना असर डालता है।