भगवंत मान का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- मुख्यमंत्री बनने से पहले ही कुर्सी की लड़ाई शुरू

पंजाब के होशियारपुर जिले के मुकेरियां में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी पर तीखा हमला बोला। अपने चुटीले अंदाज में उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस के नेताओं के बीच आपसी तालमेल पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजा वडिंग की चरणजीत सिंह चन्नी से नहीं बनती, चन्नी की प्रताप सिंह बाजवा से नहीं बनती, बाजवा की रंधावा से नहीं बनती, रंधावा की वडिंग से नहीं बनती, वडिंग की नवजोत सिंह सिद्धू से नहीं बनती और सिद्धू की किसी से नहीं बनती।
मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए पहले से लड़ रही कांग्रेस: मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस के नेता ऐसे व्यवहार कर रहे हैं जैसे राज्यपाल ने पहले ही मुख्यमंत्री पद की शपथ का समय तय कर दिया हो और अब केवल यह फैसला होना बाकी हो कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में सरकार बनाने के लिए 59 विधानसभा सीटों की जरूरत होती है, लेकिन कांग्रेस पहले चुनाव जीतने की बजाय मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए आपस में संघर्ष कर रही है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि कांग्रेस को इतनी सीटें ही नहीं मिलनी चाहिए कि मुख्यमंत्री बनाने की नौबत आए—”न रहेगा बांस, न बजेगी बांसुरी।”

बस यात्रा पर भी कसा तंज
कांग्रेस की प्रस्तावित बस यात्रा पर कटाक्ष करते हुए भगवंत मान ने कहा कि राहुल गांधी सभी नेताओं को बस में एक साथ तो बैठा देंगे, लेकिन उतरते समय कोई साथ नहीं होगा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि किसी की पगड़ी हाथ में होगी, किसी का माथा फूटा होगा और किसी की नाक टूटी होगी, इसलिए बस में कुछ ऐसे लोगों को भी बैठाना चाहिए जो उनकी लड़ाई छुड़ा सकें।
मुफ्त योजनाएं बंद करने का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री मान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता जनता की सेवा नहीं बल्कि सत्ता हासिल करने और लूट के लिए आपस में लड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो आम लोगों को मिल रही मुफ्त बिजली, शिक्षा और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर देगी। हालांकि, इस दावे पर कांग्रेस की ओर से इस खबर में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
