यूपी चुनाव की कमान अमित शाह के हाथ में BJP नेताओं को साफ संदेश

Uttar pardes news(Speed bharat news): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अभी से अपनी तैयारी तेज कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का लखनऊ दौरा इसी तैयारी का बड़ा हिस्सा माना जा रहा है। यूपी चुनाव 2027 को लेकर अमित शाह ने प्रदेश बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया है कि अब आपसी खींचतान छोड़कर चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। उनके भाषण में गुटबाजी खत्म करने से लेकर राम मंदिर और हिंदुत्व के मुद्दे तक कई अहम बातें सामने आईं।
लखनऊ में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान अमित शाह ने पार्टी के अंदर चल रही नाराजगी और आपसी मतभेद पर खुलकर बात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर किसी के मन में कोई नाराजगी है तो उसे गोमती नदी में विसर्जित कर दें। मतलब साफ था कि चुनाव से पहले पार्टी के सभी नेताओं को एक साथ आना होगा। लोकसभा चुनाव के नतीजों और हालिया एमएलसी चुनाव के बाद संगठन के भीतर तालमेल को लेकर जो सवाल उठ रहे थे उन्हें देखते हुए शाह की यह बात काफी अहम मानी जा रही है।
अमित शाह ने अपने भाषण में राम मंदिर और अयोध्या आंदोलन का भी जिक्र किया। इससे साफ संकेत मिला कि बीजेपी आने वाले विधानसभा चुनाव में हिंदुत्व के मुद्दे को भी मजबूती से उठाने की तैयारी में है। इसके साथ ही समान नागरिक संहिता यानी UCC जैसे मुद्दे भी पार्टी की चुनावी रणनीति का हिस्सा बन सकते हैं।
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को अपने पुराने चुनावी अनुभव भी याद दिलाए। उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश बार बार आएंगे और चुनावी तैयारियों का हिसाब भी लेंगे। यानी अब सिर्फ बैठक करके लौटने का दौर नहीं होगा बल्कि संगठन और नेताओं के काम पर लगातार नजर रखी जाएगी।
बीजेपी के यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने भी साफ कर दिया कि विधानसभा चुनाव अमित शाह के मार्गदर्शन में लड़ा जाएगा। ऐसे में यूपी चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व काफी गंभीर नजर आ रहा है। अब देखना होगा कि शाह का यह संदेश प्रदेश बीजेपी की गुटबाजी खत्म करने और चुनावी माहौल बनाने में कितना असर दिखाता है।
