
Punjab News(Speedbharatnews): पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं लेकिन अभी चुनाव की तारीखों का ऐलान भी नहीं हुआ है। इसके बावजूद राज्य में चुनावी तैयारियां शुरू हो गई हैं। पंजाब में 12 नवंबर से EVM और VVPAT की जांच शुरू होने जा रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया है कि राज्य के सभी जिलों में यह काम किया जाएगा। अब सवाल उठता है कि जब चुनाव में अभी कई महीने बाकी हैं तो मशीनों की जांच इतनी जल्दी क्यों शुरू की जा रही है।
दरअसल चुनाव आयोग हर चुनाव से पहले EVM और VVPAT की फर्स्ट लेवल चेकिंग यानी FLC करवाता है। यह कोई नई बात नहीं है बल्कि चुनाव की तैयारी का जरूरी हिस्सा है। इस जांच में देखा जाता है कि मशीनें ठीक से काम कर रही हैं या नहीं। उनके बटन से लेकर अंदर की तकनीकी व्यवस्था तक को परखा जाता है। इसके लिए तय नियमों के मुताबिक मशीनों की जांच और टेस्टिंग की जाती है।
इस पूरी प्रक्रिया का मकसद यही है कि जब मतदान का दिन आए तो किसी मशीन में अचानक खराबी न निकले। जांच में जो मशीनें सही पाई जाती हैं उन्हें ही चुनाव में इस्तेमाल करने के लिए रखा जाता है। अगर किसी मशीन में खराबी मिलती है तो उसे अलग कर दिया जाता है और चुनाव में इस्तेमाल नहीं किया जाता।
मशीनों की जांच पूरी होने के बाद भी चुनाव आयोग की जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। मतदान से पहले EVM का दो बार रैंडमाइजेशन किया जाता है। पहली बार मशीनों को अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों में भेजने के लिए चुना जाता है। इसके बाद दूसरी बार उन्हें मतदान केंद्रों के हिसाब से आवंटित किया जाता है। इससे पहले से यह तय नहीं हो पाता कि किस बूथ पर कौन सी मशीन लगेगी।
मतदान के दौरान जब कोई मतदाता अपना वोट डालता है तो EVM में उसका वोट दर्ज होता है। इसी के साथ VVPAT मशीन से एक पर्ची निकलती है जिस पर उस उम्मीदवार का नाम और चुनाव चिन्ह दिखाई देता है जिसे वोट दिया गया है। यह पर्ची कुछ सेकंड तक दिखाई देने के बाद मशीन के अंदर बने बॉक्स में गिर जाती है।
वोटों की गिनती के समय EVM में दर्ज वोट गिने जाते हैं। इसके अलावा चुनाव आयोग के तय नियमों के अनुसार चुने गए मतदान केंद्रों की VVPAT पर्चियों का भी मिलान किया जाता है। यानी चुनाव के दिन से पहले ही मशीनों को तैयार करने का काम शुरू हो जाता है ताकि मतदान से लेकर नतीजे आने तक पूरी प्रक्रिया सही तरीके से हो सके।
