राजनीति

भगवंत मान ने किया ऐलान, कल जारी होगी प्रत्याशियों की पहली सूची

Punjab news (Speed bharat news): पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि 31 अक्टूबर यानी शनिवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जाएगी। इस घोषणा के बाद पंजाब की सियासत में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि इस बार AAP कई मौजूदा विधायकों के टिकट काटकर नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतार सकती है।

दरअसल, शुक्रवार को नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की अहम बैठक हुई। इसमें पंजाब विधानसभा चुनाव की रणनीति और संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और जैस्मीन शाह मौजूद रहे।

वहीं, पंजाब AAP अध्यक्ष अमन अरोड़ा और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि शनिवार को PAC की एक और बैठक होगी, जिसके तुरंत बाद उम्मीदवारों की पहली सूची सार्वजनिक कर दी जाएगी।

राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक, AAP उम्मीदवारों की घोषणा पहले करके प्रत्याशियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार के लिए पर्याप्त समय देना चाहती है। इसके साथ ही सत्ता विरोधी माहौल की चुनौती से निपटने के लिए पार्टी नए चेहरों पर दांव लगा सकती है। अब सबकी नजर 31 अक्टूबर को जारी होने वाली पहली सूची पर है। इसमें किन विधायकों का टिकट कटता है और किन नए चेहरों को मौका मिलता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

आने वाले दिनों में AAP के कई बड़े चुनावी फैसले पंजाब की राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button