राजनीतिराज्य

पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, ड्रोन से भेजे गए विदेशी हथियार और ड्रग्स बरामद, 2 गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से विदेशी हथियार, हेरोइन, अफीम और ड्रग मनी बरामद की गई।

ड्रोन के जरिए भेजे गए विदेशी हथियार बरामद

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भारतीय क्षेत्र में भेजे गए छह आधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में तरनतारन जिले के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

चीन और तुर्की में बनी पिस्तौल मिलीं

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोगा सिंह (45) और मनप्रीत सिंह (28) के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में दो .30 बोर X-Shot पिस्तौल, दो चीन निर्मित .30 बोर Star पिस्तौल, एक तुर्की निर्मित Zigana .30 बोर पिस्तौल और एक PX Storm .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से एक किलो से अधिक हेरोइन, एक किलो से अधिक अफीम और ड्रग्स से जुड़ी नकदी भी बरामद की गई।

पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, ड्रोन से भेजे गए विदेशी हथियार और ड्रग्स बरामद, 2 गिरफ्तार

मुख्य आरोपी पर 21 आपराधिक मामले

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जोगा सिंह एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, चोरी, डकैती, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला और लुधियाना ग्रामीण क्षेत्रों में कई मुकदमे चल रहे हैं।

लालच में तस्करी नेटवर्क से जुड़ा दूसरा आरोपी

पुलिस के मुताबिक दूसरा आरोपी मनप्रीत सिंह मजदूरी करता था और पैसे के लालच में इस तस्करी नेटवर्क से जुड़ गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में था और सीमा पार से भेजे गए हथियारों व नशीले पदार्थों की खेप उठाने का काम करता था।

विदेशी हैंडलर से जुड़े थे आरोपी

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के सीधे संपर्क में थे। यह हैंडलर भारत-पाकिस्तान सीमा के जरिए अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी कर उन्हें पंजाब में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का काम करता था। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button