राज्य

17 जुलाई को PM मोदी करेंगे 11 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

उत्तर रेलवे के लिए 17 जुलाई एक महत्वपूर्ण दिन होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए गए 11 आधुनिक रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। उद्घाटन होने वाले स्टेशनों में अंबाला मंडल के अंब अंदौरा, साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली), कालका और आनंदपुर साहिब सहित कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों को करोड़ों रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है ताकि यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।

करोड़ों की लागत से हुआ स्टेशनों का आधुनिकीकरण

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का केवल सौंदर्यीकरण ही नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया गया है। अंब अंदौरा स्टेशन के पुनर्विकास पर 23.84 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यहां विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्रतीक्षालय, एग्जीक्यूटिव लाउंज, अतिरिक्त टिकट एवं पूछताछ काउंटर, नई एलईडी लाइटिंग और दिव्यांगजन के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं। वहीं आनंदपुर साहिब स्टेशन को 22.20 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक रूप दिया गया है, जहां श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रतीक्षालय, विशाल फुट ओवर ब्रिज, हाई-मास्ट एलईडी लाइटें और आधुनिक प्लेटफॉर्म शेल्टर बनाए गए हैं।

17 जुलाई को PM मोदी करेंगे 11 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

मोहाली, कालका और जालंधर कैंट को भी मिली नई पहचान

साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन के पुनर्विकास पर 22.17 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यहां 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, आधुनिक प्लेटफॉर्म, लिफ्ट, टैक्टाइल पथ, बेहतर प्रतीक्षालय और नई प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। कालका स्टेशन पर 31.42 करोड़ रुपये की लागत से नई पार्किंग, आधुनिक शौचालय, उन्नत प्लेटफॉर्म शेल्टर, लिफ्ट और रैंप जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। वहीं जालंधर कैंट स्टेशन इस सूची का सबसे बड़ा पुनर्विकास परियोजना वाला स्टेशन है, जिस पर 98.89 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

अन्य स्टेशनों पर भी बढ़ी यात्री सुविधाएं

हरियाणा के नरवाना स्टेशन पर 28.30 करोड़ रुपये की लागत से लिफ्ट, रैंप, आधुनिक प्रतीक्षालय और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा धामपुर, मोदीनगर, मुक्तसर, शामली और हर्रावाला रेलवे स्टेशनों पर भी आधुनिक यात्री सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को केवल यात्रा स्थल नहीं, बल्कि आधुनिक और सुविधाजनक परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करना है, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button