राजनीतिराज्य

बिहार के नेताओं पर पप्पू यादव का बड़ा आरोप, पेपर लीक से कनेक्शन

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने देशभर में बढ़ती पेपर लीक घटनाओं को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर बड़ा हमला बोला है। बुधवार को पूर्णिया में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि जून में संसद सत्र शुरू होते ही वह पेपर लीक का मुद्दा मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अब युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पप्पू यादव ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही धांधली देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

बिहार, गुजरात और राजस्थान को बताया पेपर लीक का गढ़

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि बिहार के 40 से अधिक विधायक और कई रसूखदार नेता पेपर लीक माफिया को संरक्षण देते हैं। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में पेपर लीक की घटनाओं में तेजी आई है और बिहार, गुजरात तथा राजस्थान जैसे राज्य इस नेटवर्क का केंद्र बनते जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा माफिया और भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत से लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। सांसद ने कहा कि यह केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं बल्कि देश की युवा पीढ़ी के सपनों पर हमला है।

बिहार के नेताओं पर पप्पू यादव का बड़ा आरोप, पेपर लीक से कनेक्शन

NEET परीक्षा का जिक्र कर उठाए बड़े सवाल

NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर भी पप्पू यादव ने गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब वह पिछला चुनाव जीते थे तब भी NEET पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन किया था और आज फिर वही हालात बन गए हैं। उन्होंने 720 में से 720 अंक पाने वाले छात्रों का जिक्र करते हुए कहा कि यह कोई चमत्कार नहीं बल्कि शिक्षा माफिया की साजिश का परिणाम हो सकता है। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के परिवार अपनी जमीन और गहने बेचकर बच्चों को पढ़ाते हैं, लेकिन पेपर लीक उनकी वर्षों की मेहनत खत्म कर देता है।

दोषियों के लिए फांसी और 30 साल जेल की मांग

पप्पू यादव ने पेपर लीक मामलों में बेहद सख्त कानून बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के लिए 30 साल की जेल और फांसी जैसी कठोर सजा का प्रावधान होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि दोषियों को तीन महीने के भीतर सजा मिले और परीक्षा आयोजन पर सरकार का जितना खर्च हुआ है, उतनी राशि दोषियों से वसूली जाए। उन्होंने पूर्व में हुई सीबीआई जांचों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक किसी बड़े मामले में ठोस नतीजे सामने नहीं आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button