ज्ञानेश कुमार को जाना होगा रामलीला मैदान से महुआ मोइत्रा ने भरी हुंकार

INDIA NEWS(Speed bharat news): दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की रैली के दौरान तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ज्ञानेश कुमार को जाना होगा। महुआ के इस बयान के बाद एक बार फिर चुनाव आयोग और विपक्ष के बीच चल रही खींचतान चर्चा में आ गई है।
दरअसल कांग्रेस के नेतृत्व में INDIA गठबंधन ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली का आयोजन किया। इस रैली का मुख्य मुद्दा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और कथित वोट चोरी रहा। विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव के नाम पर लोगों के वोट देने के अधिकार को प्रभावित किया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर गठबंधन के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
रैली से पहले महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट भी किया। उन्होंने लिखा कि रामलीला मैदान में माहौल खुशनुमा है और यहां मौजूद सभी लोग एक आवाज में कह रहे हैं कि ज्ञानेश कुमार को जाना होगा। उनके इस संदेश को विपक्ष की एकजुटता और चुनाव आयोग के खिलाफ जारी विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर जुटने के बाद विपक्षी नेता खुले वाहनों में सवार होकर कनॉट प्लेस पहुंचे। यहां से सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रामलीला मैदान तक मार्च करना था। रैली में राहुल गांधी अखिलेश यादव तेजस्वी यादव मल्लिकार्जुन खरगे और दूसरे विपक्षी दलों के नेता भी शामिल हुए।
इससे एक दिन पहले शनिवार को खरगे के आवास पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रतीकात्मक जन महाभियोग की कार्यवाही भी हुई थी। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने इसकी अध्यक्षता की थी। इस दौरान खरगे ने विपक्ष की ओर से प्रस्ताव रखा जिसे चर्चा के बाद पारित किया गया।
रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कई इलाकों में यातायात संबंधी पाबंदियां लगाई थीं। वहीं चुनाव आयोग विपक्ष के इन आरोपों को लगातार खारिज करता रहा है। ऐसे में अब देखना होगा कि इस विरोध और इस्तीफे की मांग को लेकर आगे क्या राजनीतिक घटनाक्रम सामने आता है।
