दिल्ली महाराष्ट्र समेत 6 राज्यों में SIR की तारीख बढ़ी चुनाव आयोग का ऐलान

National news(Speed bharat news): देश में SIR को लेकर चल रहे विवाद के बीच चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने दिल्ली समेत छह राज्यों में वोटर लिस्ट जारी करने की तारीख आगे बढ़ा दी है। अब हरियाणा तेलंगाना नागालैंड आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को जारी की जाएगी। वहीं दिल्ली की फाइनल वोटर लिस्ट के ड्राफ्ट को जारी करने की नई तारीख 22 दिसंबर तय की गई है।
चुनाव आयोग की ओर से बताया गया है कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और गलतियों को ठीक कराने के लिए लोगों को थोड़ा और समय दिया जाएगा। इसी वजह से दावे और आपत्तियां जमा करने की समय सीमा बढ़ाई गई है। इसके साथ ही अंतिम वोटर लिस्ट जारी करने का कार्यक्रम भी बदला गया है। इस फैसले से उन लोगों को राहत मिल सकती है जो किसी वजह से तय समय के अंदर अपने दस्तावेज जमा नहीं कर पाए थे।
दरअसल पिछले कुछ समय से SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है। विपक्षी दल इस प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी विवाद और बयानबाजी देखने को मिल रही है। ऐसे माहौल में चुनाव आयोग की ओर से तारीख बढ़ाने का फैसला काफी अहम माना जा रहा है।
दिल्ली में SIR को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। बुधवार को फॉर्म 6 से जुड़ी सुनवाई के दौरान अदालत ने दिल्ली में चल रही प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे। फॉर्म 6 का इस्तेमाल नए मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए किया जाता है। इस सुनवाई के बाद दिल्ली की मतदाता सूची को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
अब चुनाव आयोग के नए कार्यक्रम के मुताबिक पांच राज्यों में 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी जबकि दिल्ली के लिए 22 दिसंबर की तारीख तय की गई है। ऐसे में इन राज्यों के मतदाताओं को नई तारीखों का ध्यान रखना होगा और अपना नाम वोटर लिस्ट में जरूर जांच लेना चाहिए।