राज्य

ग्रेटर कैलाश-I थाना बना दिल्ली का सबसे स्वच्छ पुलिस स्टेशन, एलजी ने किया सम्मानित

दिल्ली पुलिस के ग्रेटर कैलाश-I पुलिस स्टेशन को स्वच्छता, अनुशासन और उत्कृष्ट जनसेवा के लिए ‘स्वच्छतम पुलिस स्टेशन पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने एक विशेष समारोह में प्रदान किया। यह पुरस्कार पुलिस स्टेशन की साफ-सफाई, बेहतर कार्य संस्कृति और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को देखते हुए दिया गया। इसे दिल्ली पुलिस की उत्कृष्ट कार्यशैली की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

लक्ष्मी नगर थाना और कई कॉलोनियां भी हुईं सम्मानित

समारोह के दौरान लक्ष्मी नगर पुलिस स्टेशन को भी स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा द्वारका, पंजाबी बाग और पुलिस मुख्यालय की आवासीय कॉलोनियों को साफ-सफाई और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए प्रशंसा मिली। उपराज्यपाल ने कहा कि दिल्ली पुलिस लगातार जनता का विश्वास मजबूत करने और बेहतर पुलिसिंग की दिशा में प्रभावी कार्य कर रही है।

ग्रेटर कैलाश-I थाना बना दिल्ली का सबसे स्वच्छ पुलिस स्टेशन, एलजी ने किया सम्मानित

तकनीक आधारित और जन-केंद्रित पुलिसिंग पर जोर

अपने संबोधन में एलजी तरणजीत सिंह संधू ने दिल्ली पुलिस से तकनीक आधारित और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग को और मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस को संवेदनशील, पेशेवर और त्वरित प्रतिक्रिया देने वाली संस्था के रूप में विकसित होना चाहिए। उन्होंने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए युवा पुलिस अधिकारियों से नागरिकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और विश्वास बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

अपराधों में कमी, शहीद पुलिसकर्मी को मरणोपरांत सम्मान

दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में राजधानी में गंभीर अपराधों में 8 प्रतिशत, वाहन चोरी में 21 प्रतिशत और अन्य चोरी के मामलों में 15 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। महिलाओं के खिलाफ अपराधों में भी लगभग 17 प्रतिशत की गिरावट आई है और अधिकांश मामलों में समय पर चार्जशीट दाखिल की गई है। समारोह में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए कॉन्स्टेबल विक्रम को मरणोपरांत ‘अहट वीर सम्मान पत्र’ प्रदान किया गया, जिसे उनकी पत्नी अनीता सिंह ने ग्रहण किया। साथ ही 9 घायल पुलिसकर्मियों और 27 उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button