राजनीतिराज्य

यूपी में फिर साथ आएंगे अखिलेश और राहुल गांधी? प्रियंका गांधी ने तैयार किया सीट शेयरिंग प्लान

Uttar Pardesh News (Speed Bharat News)   उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से हलचल तेज हो गई है। सपा कांग्रेस सीट शेयरिंग को लेकर दोनों पार्टियों के बीच बातचीत का पहला दौर आज यानी 23 नवंबर से दिल्ली में शुरू होने जा रहा है। इस बैठक पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं क्योंकि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। इस बार कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की मंजूरी के बाद पार्टी ने सीटों को लेकर अपनी रणनीति में बदलाव किया है।

कांग्रेस ने बदली अपनी पुरानी रणनीति

पहले कांग्रेस की तरफ से समाजवादी पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी गई थी। कांग्रेस चाहती थी कि इन सीटों पर उसके उम्मीदवार चुनाव लड़ें और 15 दिसंबर तक इस बारे में फैसला हो जाए। लेकिन अब खबर है कि कांग्रेस ने अपनी पुरानी सूची में बदलाव कर दिया है। पार्टी ने कई सीटों को हटाकर एक नई सूची तैयार की है। बताया जा रहा है कि इस नई रणनीति को प्रियंका गांधी की भी मंजूरी मिल चुकी है।

क्या है प्रियंका गांधी का 60+50+70 फॉर्मूला

इस पूरी बातचीत में सबसे ज्यादा चर्चा कांग्रेस के 60+50+70 फॉर्मूले की हो रही है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस तीन चरणों में सीटों पर अपनी दावेदारी रखेगी। पहले चरण में 60 सीटों पर चर्चा होगी। इसके बाद दूसरे चरण में 50 सीटों को लेकर बातचीत की जाएगी। तीसरे चरण में 70 सीटों पर अपना पक्ष रखा जाएगा। इन सीटों का चुनाव संगठन की मजबूती और जीत की संभावना को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

अखिलेश यादव की पार्टी कितनी सीटें देने को तैयार

दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी की तरफ से कांग्रेस को करीब 54 सीटें देने की बात सामने आ रही है। ऐसे में दोनों पार्टियों के बीच सीटों की संख्या को लेकर सहमति बनाना आसान नहीं होगा। हालांकि कांग्रेस अब केवल ज्यादा सीटें मांगने के बजाय उन विधानसभा क्षेत्रों पर ध्यान दे रही है जहां उसका संगठन मजबूत है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड की कई सीटें कांग्रेस की प्राथमिकता में बताई जा रही हैं।

दिल्ली में तीन दिन तक चलेगा मंथन

इस बातचीत के लिए दोनों पार्टियों ने अपनी अपनी समन्वय समितियां बनाई हैं। सपा की तरफ से रामगोपाल यादव के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम बातचीत करेगी। वहीं कांग्रेस की तरफ से अजय माकन राजेंद्र पाल गौतम आराधना मिश्रा इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी जिम्मेदारी संभालेंगे। 23 से 25 नवंबर तक चलने वाली इस बातचीत में विधानसभा की एक एक सीट पर चर्चा की जाएगी।

गठबंधन के लिए क्यों अहम है यह बैठक

दोनों पार्टियों का मकसद ऐसी सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ना है जहां उनके उम्मीदवार की जीत की संभावना ज्यादा हो। अब देखना होगा कि अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी की पार्टियां किस फॉर्मूले पर सहमत होती हैं। फिलहाल 2027 के चुनाव से पहले यह बातचीत यूपी की राजनीति में काफी अहम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button