
मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन को नई मजबूती मिली है और कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी संगठन इसी तरह नई ऊंचाइयों को छुएगा।
कार्यकर्ताओं को बताया भाजपा की सबसे बड़ी ताकत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच लगातार संवाद स्थापित किया गया, जिससे संगठन और अधिक मजबूत हुआ। संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए।
संगठन विस्तार और प्रशिक्षण पर दिया गया विशेष जोर
सीएम ने कहा कि पिछले एक वर्ष में नए जिला कार्यालयों का निर्माण, प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन और सहयोग सेल जैसी पहलों के माध्यम से संगठन की कार्यक्षमता और सेवा भावना को नई दिशा मिली है। इन प्रयासों से भाजपा की जमीनी पकड़ और मजबूत हुई है तथा कार्यकर्ताओं को संगठन के साथ और अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ने में सफलता मिली है।

‘भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, राष्ट्रसेवा का माध्यम’
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि संगठन की ऊर्जा और कार्यकर्ताओं का समर्पण विकसित मध्यप्रदेश और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने हेमंत खंडेलवाल के सफल एक वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।