राज्य

दिल्ली के अलीपुर में दर्दनाक हादसा, पानी से भरे गड्ढे में डूबकर दो मासूम बच्चों की मौत

दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र स्थित मुखमेलपुर गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। हिरनकी रोड के पास खेत में बारिश का पानी जमा करने और उसकी निकासी के लिए बनाए गए गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, शाम करीब चार बजे तीन बच्चे खेतों में खेल रहे थे, तभी दो बच्चे अचानक पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। उनके साथ मौजूद तीसरे बच्चे ने गांव पहुंचकर लोगों को हादसे की जानकारी दी।

ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बच सकी जान

सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और करीब आठ लोगों ने मिलकर दोनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला। इसके बाद दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस और CATS एम्बुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची। दोनों बच्चों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान आयुष और नीतीश के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

दिल्ली के अलीपुर में दर्दनाक हादसा, पानी से भरे गड्ढे में डूबकर दो मासूम बच्चों की मौत

सुरक्षा इंतजाम नहीं होने पर उठे सवाल

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि खेतों से अतिरिक्त बारिश का पानी जमा करने के लिए यह गहरा गड्ढा बनाया गया था। आरोप है कि गड्ढे के चारों ओर न तो कोई घेराबंदी की गई थी और न ही किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।

BNS की धारा 106 के तहत मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीजेआरएम अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि गड्ढे की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी थी और क्या लापरवाही बरती गई। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button