राजनीतिराज्य

होडल के पिंगोड़ गांव को मिली 2.63 करोड़ की विकास परियोजनाएं, कृष्णपाल गुर्जर ने किया शिलान्यास

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रविवार को हरियाणा के पलवल जिले के होडल विधानसभा क्षेत्र के पिंगोड़ गांव में करीब 2 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में एचआरडीएफ योजना के तहत लगभग 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन, 62 लाख रुपये से गांव की फिरनी का निर्माण, 15 लाख रुपये की लागत से रविदास भवन तथा विभिन्न समाजों की चौपालों और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं।

‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से होंगे विकास कार्य

जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव के प्रत्येक समाज के लिए चौपाल, सामुदायिक भवन और मूलभूत सुविधाओं का विकास इसी उद्देश्य से किया जा रहा है ताकि कोई भी वर्ग विकास से वंचित न रहे।

होडल के पिंगोड़ गांव को मिली 2.63 करोड़ की विकास परियोजनाएं, कृष्णपाल गुर्जर ने किया शिलान्यास

गांव की अधिकांश मांगों को मिली मंजूरी

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत ने गांव के विकास से जुड़ी कई मांगें केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखीं। कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि इनमें से अधिकांश मांगों को तत्काल मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि आईटीआई की स्थापना फिलहाल संभव नहीं है, लेकिन अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

सांसद निधि से 10 लाख रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा

केंद्रीय मंत्री ने गांव के विकास के लिए सांसद निधि से अतिरिक्त 10 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग ग्राम पंचायत अपनी जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों में कर सकेगी। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, होडल विधायक हरेंद्र सिंह, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत, जिला परिषद उपाध्यक्ष उमेश गुदराना, पंचायत प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button