पंजाब की महिलाओं को बड़ी सौगात, 1 जुलाई को खातों में आएगी तीन महीने की राशि

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार की ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ का स्वागत करते हुए राज्य की माताओं, बहनों और बेटियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है और इसे दुनिया के सबसे बड़े महिला सशक्तीकरण कार्यक्रमों में से एक बताया।
1 जुलाई को मिलेगी तीन महीने की राशि
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की है कि 1 जुलाई से योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में तीन महीने की राशि एक साथ भेजी जाएगी। इसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3,000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 4,500 रुपये की पहली किस्त मिलेगी। सरकार अप्रैल, मई और जून महीने की राशि एक साथ जारी करेगी।

किसे मिलेगा कितना लाभ?
योजना के तहत 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की अनुसूचित जाति की महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये और अन्य वर्गों की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। खास बात यह है कि एक परिवार में यदि एक से अधिक पात्र महिलाएं हैं तो सभी को इस योजना का लाभ मिलेगा। इससे लाखों महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता प्राप्त होगी।
महिला सम्मान और आत्मनिर्भरता पर जोर
फतेहगढ़ साहिब के चनार्थल कलां में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह राशि महिलाओं को अमीर बनाने के लिए नहीं, बल्कि उनकी दैनिक जरूरतों और सामाजिक जिम्मेदारियों को पूरा करने में मदद देने के लिए है। उन्होंने कहा कि हर महिला को आर्थिक सम्मान मिलना चाहिए और सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। इस योजना को लेकर राज्यभर में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।