CJI सूर्यकांत शर्मा के गुरुग्राम दौरे पर हाई अलर्ट, टावर ऑफ जस्टिस उद्घाटन से पहले कड़ी सुरक्षा

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत शर्मा के गुरुग्राम दौरे और स्टिसटावर ऑफ जके लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर रविवार को पूरे शहर में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने शहर के प्रमुख इलाकों में हाई अलर्ट घोषित करते हुए व्यापक पुलिस बंदोबस्त किया। जगह-जगह नाकेबंदी कर वाहनों और लोगों की सघन जांच की गई, जिससे गुरुग्राम पुलिस छावनी जैसा नजर आया।
प्रमुख मार्गों पर रही कड़ी निगरानी
ओल्ड रेलवे रोड, सिविल लाइन, सोहना चौक, राजीव चौक और अन्य प्रमुख मार्गों पर पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। हर वाहन और व्यक्ति की पहचान की जांच के बाद ही आगे जाने की अनुमति दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करते रहे ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो।

बिना पास किसी को नहीं मिला प्रवेश
कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और भी सख्त रखी गई। नेहरू स्टेडियम के आसपास की मार्केट, पुलिस लाइन के सामने स्थित पेट्रोल पंप और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। बिना वैध पहचान पत्र और अधिकृत प्रवेश पास के किसी भी व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई। सुरक्षा कर्मियों ने प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर
मुख्य न्यायाधीश के कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित अप्रिय घटना से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन का उद्देश्य कार्यक्रम को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना था। सुरक्षा एजेंसियां पूरे आयोजन के दौरान सतर्क रहीं और सभी संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखी गई।