दिल्ली में गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी; इलाके में दहशत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में मशहूर पंजाबी गायक Guru Randhawa के जिम के बाहर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने जिम को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पश्चिम विहार स्थित 24 HS Fitness Gym के बाहर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब सात राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। फायरिंग के दौरान जिम के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों और कारोबारियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
घटना के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे अनिल पंडित ग्रुप ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। हालांकि पुलिस अभी इस दावे की सत्यता की जांच कर रही है और आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। घटनास्थल से मिले सबूतों को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फायरिंग के पीछे रंगदारी, आपसी रंजिश या गैंगवार जैसे संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
हाल के वर्षों में दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। ऐसे में गुरु रंधावा के जिम के बाहर हुई यह फायरिंग सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी एक बड़ी चुनौती मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
