राज्य

चंडीगढ़ में दो मंजिला इमारत ढही, 2 लोगों की मौत;5 घायल, 50 साल पुरानी बिल्डिंग पर उठे सवाल

चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार शाम एक दो मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, एंबुलेंस और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

मेरठ के दो रिश्तेदारों की गई जान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी तरुण जैन और तरुण कौशिक के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार थे और हाल ही में इस इमारत को किराए पर लेकर यहां मोटरसाइकिल डीलरशिप शुरू करने की तैयारी कर रहे थे। घटना के समय इमारत में मरम्मत का कार्य चल रहा था।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में घायल उमेश, कुलदीप, कुलवीर, अजीत और राहुल को सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH-32) में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज जारी है।

चंडीगढ़ में दो मंजिला इमारत ढही, 2 लोगों की मौत;5  घायल, 50 साल पुरानी बिल्डिंग पर उठे सवाल

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कैसे ढही इमारत

घायल उमेश के मुताबिक, शाम करीब 4:30 बजे इमारत में अचानक कंपन महसूस हुआ, जिसके कुछ ही क्षण बाद पूरी छत भरभराकर गिर गई। लोग मलबे के नीचे दब गए। बचाव दल ने जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया और फंसे लोगों तक हवा पहुंचाने के लिए लिंटेल भी हटाया गया।

50 साल पुरानी थी बिल्डिंग, जांच के आदेश

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह इमारत करीब 50 वर्ष पुरानी और जर्जर थी। मरम्मत के दौरान ही इसके ढहने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

घटना के बाद मेयर सौरभ जोशी और यूटी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि प्रशासन ने इमारत के मालिक और ठेकेदार की भूमिका की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही शहर की अन्य पुरानी इमारतों की संरचनात्मक सुरक्षा जांच के लिए भी सर्वे अभियान चलाने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button