राज्य

गोरखपुर में आज इन रास्तों पर जाने से बचें! कई रूट बदले और नो एंट्री भी लागू

Gorakhpur News(Speed bharat news):   गोरखपुर में आज गोरखपुर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में 4 नवंबर को लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा निकाली जा रही है। इस कार्यक्रम को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में कई बदलाव किए गए हैं। अगर आप भी आज किसी जरूरी काम से घर से निकलने वाले हैं या बच्चों को स्कूल कॉलेज छोड़ने जाना है तो पहले नए रूट की जानकारी जरूर कर लें।

यातायात पुलिस ने वीआईपी मूवमेंट और महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में होने वाले कार्यक्रम को देखते हुए विशेष व्यवस्था बनाई है। एसपी ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव की ओर से जारी प्लान के मुताबिक सुबह 7 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक कई रास्तों पर वाहनों का आवागमन बदला रहेगा।

टीपी नगर से टीडीएम अहलादपुर की तरफ जाने वाले कमर्शियल वाहनों को रुस्तमपुर चौराहा और पैडलेगंज होकर भेजा जाएगा। शास्त्री चौराहा से कचहरी जाने वाले वाहन अंबेडकर चौराहे से होकर निकलेंगे। घोष कंपनी से टाउनहाल जाने वाले वाहनों को शास्त्री चौराहा की तरफ मोड़ा जाएगा। वहीं अग्रसेन तिराहा से टाउनहाल जाने वालों को जुबली तिराहा और बक्सीपुर होकर जाना होगा।

विजय चौराहा से गणेश चौराहा की तरफ जाने वाले वाहनों को सुमेर सागर की ओर भेजा जाएगा। सिटी मॉल तिराहा से गणेश चौक की तरफ वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। ऐसे वाहन कार्मल गली रोड से होकर निकलेंगे। इसके अलावा असुरन चौराहा और हट्ठी माई तिराहा सहित कई प्रमुख चौराहों पर भी ट्रैफिक में बदलाव किया गया है।

कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए विश्वविद्यालय मैदान गोरखपुर क्लब नेपाल क्लब पुलिस कार्यालय कचहरी क्लब और मल्टीलेवल पार्किंग में जगह तय की गई है। दोपहिया वाहनों के लिए हरिओमनगर चौराहा के पास पीएनबी बैंक के बगल वाली गली में पार्किंग रहेगी।

राहत की बात यह है कि एंबुलेंस और दूसरे जरूरी इमरजेंसी वाहनों को इस व्यवस्था से छूट दी गई है। वहीं भारी वाहनों के लिए दोपहर में खुलने वाली नो एंट्री 4 नवंबर को नहीं खुलेगी। इसे रात 11 बजे खोला जाएगा।

ऐसे में शहर के लोगों से अपील है कि आज बिना जरूरत डायवर्जन वाले रास्तों पर जाने से बचें और सफर शुरू करने से पहले अपने रास्ते की जानकारी जरूर कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button