पुणे में पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला बोले 50 करोड़ लोगों की गरीबी हुई दूर

Pune News(Speed bharat news): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुणे में एक कार्यक्रम के दौरान दावा किया कि देश में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का पैसा भाई भतीजावाद की भेंट चढ़ जाता था लेकिन अब इसका फायदा जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है। इस दौरान उन्होंने पुणे को करीब 21800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं की सौगात भी दी।
पीएम मोदी ने कहा कि देश में कई पीढ़ियां गरीबी हटाओ के नारे सुनते हुए बड़ी हुई हैं। पहले गरीबी दूर करने की बातें तो खूब होती थीं लेकिन जमीन पर काम कम दिखाई देता था। अब भारत गरीबी के खिलाफ लड़ाई में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने के साथ गरीबी कम करने के मामले में भी आगे है।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने पुणे मेट्रो की तीसरी लाइन यानी पिंक लाइन का उद्घाटन किया। करीब 8300 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह 23 किलोमीटर लंबी लाइन मान से जिला न्यायालय तक जाएगी। इससे हिंजेवाड़ी के आईटी हब और शिवाजीनगर के बीच सफर आसान होगा। खास बात यह है कि इस मेट्रो लाइन में सभी ट्रेनें महिला ऑपरेटर चलाएंगी। इसकी बिजली की करीब 30 फीसदी जरूरत सौर ऊर्जा से पूरी करने की भी योजना है।
इसके अलावा करीब 13500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली मेट्रो की चार नई लाइनों का शिलान्यास भी किया गया। इनसे वनाज चांदनी चौक रामवाड़ी विठ्ठलवाड़ी खराड़ी खड़कवासला और माणिक बाग जैसे इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि साल 2014 में देश में मेट्रो नेटवर्क केवल 248 किलोमीटर था और पांच शहरों में ही मेट्रो चलती थी। अब यह नेटवर्क बढ़कर करीब 1400 किलोमीटर हो गया है और 26 शहरों में मेट्रो पहुंच चुकी है। रोजाना एक करोड़ से ज्यादा लोग इससे सफर कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार का मकसद सिर्फ बड़े शहरों का विकास करना नहीं है बल्कि छोटे शहरों को भी विकास का नया केंद्र बनाना है। इसके लिए एक लाख करोड़ रुपये के शहरी चुनौती कोष को मंजूरी दी गई है। उन्होंने स्थानीय निकायों और निजी क्षेत्र से भी शहरों के विकास में आगे आने की अपील की।
