राज्य

फरीदाबाद-गुरुग्राम के यात्रियों को झटका, चार टोल प्लाजा पर अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी वसूली

फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोहना और पलवल के बीच सफर करने वाले वाहन चालकों को बड़ा झटका लगा है। जिन चार टोल प्लाजा पर 2 जुलाई से टोल वसूली बंद होने की उम्मीद थी, वहां अब सरकार के नए आदेश के बाद अनिश्चितकाल तक टोल टैक्स वसूला जाएगा। इस फैसले से प्रतिदिन आवागमन करने वाले एक लाख से अधिक वाहन चालक प्रभावित होंगे।

सरकार ने बढ़ाई टोल वसूली की अवधि

इन टोल प्लाजा का संचालन पहले 12 जून की मध्यरात्रि तक निर्धारित था, जिसे बाद में 2 जुलाई तक बढ़ा दिया गया था। अब लोक निर्माण विभाग (PWD) को सरकार की ओर से नए निर्देश मिलने के बाद टोल वसूली को अगली सूचना तक जारी रखने का फैसला लिया गया है। विभागीय अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।

फरीदाबाद-गुरुग्राम के यात्रियों को झटका, चार टोल प्लाजा पर अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी वसूली

बंधवाड़ी टोल हटाने की लंबे समय से उठ रही मांग

गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित बंधवाड़ी टोल प्लाजा को हटाने की मांग लंबे समय से स्थानीय लोगों, उद्योगपतियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा की जा रही है। बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर टोल समाप्त करने की मांग की थी। उनका कहना था कि टोल पर लगने वाले लंबे जाम के कारण लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद होते हैं।

महापंचायत और प्रदर्शन के बावजूद नहीं मिला समाधान

21 जून को बंधवाड़ी और पाखल टोल प्लाजा हटाने की मांग को लेकर महापंचायत और प्रदर्शन भी आयोजित किया गया था, जिसमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नोएडा सहित कई क्षेत्रों के लोग शामिल हुए थे। बावजूद इसके सरकार ने फिलहाल टोल वसूली जारी रखने का फैसला लिया है। अधिकारियों के अनुसार, जब तक नया आदेश जारी नहीं होता, तब तक सभी चारों टोल प्लाजा पर पहले की तरह शुल्क लिया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button