राजनीतिराज्य

जमीन विवाद में गर्भवती महिला से मारपीट, गर्भस्थ शिशु की मौत का आरोप

मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के मझौली थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। जमीन के विवाद को लेकर एक गर्भवती महिला के साथ कथित तौर पर उसके रिश्तेदारों ने मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके पेट पर लात मारी गई, जिससे गर्भ में पल रहे चार महीने के बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की है।

रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप

पीड़िता के अनुसार, जमीन को लेकर विवाद के दौरान उसके मामा, मामी और ममेरे भाई ने उसके साथ मारपीट की। महिला का आरोप है कि उसकी मामी ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि ममेरे भाई दुर्गेश साहू ने उसके पेट पर जोरदार लात मारी। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाना पड़ा।

जमीन विवाद में गर्भवती महिला से मारपीट, गर्भस्थ शिशु की मौत का आरोप

अस्पताल में चला इलाज, नहीं बच सका गर्भस्थ शिशु

घटना के बाद महिला को जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां करीब एक सप्ताह तक उसका इलाज चला। परिजनों का दावा है कि चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद गर्भ में पल रहे चार माह के शिशु को नहीं बचाया जा सका। इस घटना के बाद परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एफआईआर दर्ज, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अंजू बेनीवाल ने बताया कि मझौली थाने में मामले की एफआईआर पहले ही दर्ज की जा चुकी है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। गर्भस्थ शिशु की मौत और मारपीट के बीच संबंध की पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों की जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पीड़िता के पति का आरोप है कि विवाद की शुरुआत जमीन मांगने को लेकर हुई थी। उनका कहना है कि पहले भी पुलिस में शिकायत की गई थी, लेकिन पारिवारिक मामला समझकर शिकायत वापस ले ली गई थी। अब इस घटना के बाद परिवार न्याय की मांग कर रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button