
पश्चिम बंगाल में मतगणना से ठीक पहले राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है। इस बार विवाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की विधानसभा भवानीपुर में सामने आया है। आरोप है कि सखावत मेमोरियल गर्ल्स स्कूल स्थित स्ट्रांग रूम में भाजपा झंडा लगी कारों को बिना उचित जांच के प्रवेश दिया गया, जिससे हंगामा खड़ा हो गया।
ममता बनर्जी धरने पर बैठीं
घटना के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चार घंटे तक धरने पर बैठीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना अनुमति के लोगों को संवेदनशील क्षेत्र में प्रवेश दिया गया। टीएमसी का कहना है कि यह सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक है, जिससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं। पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के आरोप-प्रत्यारोप
टीएमसी कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि एक गाड़ी जिसमें भारतीय सेना जैसा प्रतीक और भाजपा का झंडा लगा था, उसे बिना जांच के अंदर जाने दिया गया। एक अन्य कार्यकर्ता ने कहा कि सफेद रंग की कार पर भाजपा का लोगो लगा था और पुलिस ने उसकी जांच नहीं की। वहीं दूसरी ओर, पुलिस पर लापरवाही के आरोप भी लगाए गए हैं।
चुनाव आयोग की सफाई और मतगणना की तैयारी
इस पूरे मामले पर चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी ने सफाई देते हुए कहा कि वाहन की जांच की गई थी और उसमें कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली थी, इसलिए उसे आगे जाने दिया गया। आयोग ने सभी आरोपों को जांच के दायरे में बताया है। अब 4 मई सुबह 8 बजे से राज्य की 293 सीटों पर मतगणना शुरू होगी, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।