गुरुग्राम में सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकना पड़ा भारी, नगर निगम ने लगाया 10 हजार रुपये का जुर्माना

गुरुग्राम को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा और मलबा फेंकने वालों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पटेल नगर बांध क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से कूड़ा डंप करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान किया गया।
निरीक्षण के दौरान हुई कार्रवाई
नगर निगम की टीम नियमित निरीक्षण के दौरान पटेल नगर बांध क्षेत्र में पहुंची, जहां एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकते हुए पाया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर मौके पर ही उसके खिलाफ 10 हजार रुपये का चालान जारी किया गया। निगम अधिकारियों के अनुसार, चालान की पूरी राशि मौके पर ही ऑनलाइन माध्यम से जमा करा दी गई।

पूरे शहर में चल रहा है प्रवर्तन अभियान
नगर निगम गुरुग्राम सभी जोनों में लगातार निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चला रहा है। सड़कों, ग्रीन बेल्ट, खाली प्लॉटों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य क्षेत्रों में कूड़ा, मलबा और सीएंडडी (Construction & Demolition) वेस्ट फेंकने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
नियम तोड़ने वालों पर आगे भी होगी सख्त कार्रवाई
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छ गुरुग्राम’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जन-जागरूकता के साथ-साथ सख्त प्रवर्तन अभियान भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि शहर को साफ-सुथरा और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।