खान सर कोचिंग पर हमले में बड़ी गिरफ्तारी पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बुधवार (03 जून 2026) को ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार अन्य दो लोगों की पहचान गौरव और अभिषेक के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि ये सभी लोग उसी कोचिंग संस्थान से जुड़े हुए हैं। मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।
एफआईआर और छात्रों के रिजल्ट से जुड़ा विवाद
इस मामले में खान सर के कोचिंग संस्थान से जुड़े कन्हैया सिंह ने कदमकुआं थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। रिपोर्ट में चार नामजद और 15 अज्ञात लोगों को शामिल किया गया है। बताया जा रहा है कि हाल ही में दारोगा भर्ती परीक्षा के परिणाम को लेकर दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच तनाव बढ़ा था। खान सर के संस्थान का दावा है कि उनके यहां से बड़ी संख्या में छात्र सफल हुए, जिससे विवाद और गहरा गया।

शिक्षा मंत्री ने कोचिंग पॉलिसी बनाने का किया ऐलान
घटना के बाद बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा हिंसा में न बदले इसके लिए सरकार नई नीति बनाएगी। उन्होंने घोषणा की कि अगले तीन महीने के भीतर कोचिंग पॉलिसी तैयार की जाएगी। इस पॉलिसी में सभी पक्षों से राय ली जाएगी और उसके बाद इसे लागू किया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन
शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि नई नीति लागू होने के बाद अगर किसी कोचिंग संस्थान में इस तरह की घटना होती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं सुबह हुए हंगामे को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है और कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि छात्र और कोचिंग संस्थान दोनों को मर्यादा में रहकर काम करना चाहिए।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आई सामने
इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। बीजेपी विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि छात्रों के बीच किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में देशभर से छात्र पढ़ाई करने आते हैं, ऐसे में माहौल खराब करना ठीक नहीं है। पुलिस जांच कर रही है और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
