NH-31 पर गुप्त तहखाने में छिपाकर ले जाई जा रही 443 लीटर विदेशी शराब जब्त, दो गिरफ्तार

बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर रविवार शाम एनएच-31 पर भवानीपुर चौक के पास वाहन जांच के दौरान एक आयशर कंपनी के डीसीएम ट्रक से 443.520 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। शराब ट्रक में बनाए गए विशेष गुप्त तहखाने में छिपाकर बेगूसराय ले जाई जा रही थी।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
उत्पाद थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में विभाग की टीम ने एनएच-31 पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध डीसीएम ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच में ट्रक के अंदर बने गुप्त चैंबर से विभिन्न ब्रांडों की कुल 443.520 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक और नाम आया सामने
कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक अमन कुमार और स्टाफ सौरव कुमार, दोनों निवासी बेगूसराय, को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में शराब की खेप बेगूसराय ले जाने की जानकारी सामने आई। मामले में छोटू सिंह उर्फ करण, निवासी मुफस्सिल थाना क्षेत्र, बेगूसराय का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा विभाग
उत्पाद विभाग ने बरामद शराब को जब्त कर गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
