देश

कितने साल बाद भारत आ रहा पाकिस्तानी मंत्री? आखिरी बार कौन आया था

INTERNATIONAL NEWS(Speed bharat news):  भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में लंबे समय से तनाव बना हुआ है। लेकिन अब करीब साढ़े तीन साल बाद पाकिस्तान का एक मंत्री भारत आने जा रहा है। पाकिस्तानी मंत्री का भारत दौरा 20 से 22 नवंबर के बीच होगा। पाकिस्तान सरकार ने जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को दिल्ली में होने वाली SCO की बैठक में शामिल होने के लिए चुना है

दरअसल दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO का पहला सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में संगठन के सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसका मकसद अलग अलग देशों के बीच सभ्यता संस्कृति और आपसी समझ को बढ़ावा देना है। भारत की तरफ से इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकिस्तान को भी न्योता भेजा गया था।

पहले पाकिस्तान की तरफ से इस कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर स्थिति साफ नहीं थी। लेकिन 14 नवंबर को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि देश की ओर से मुसादिक मसूद मलिक इस बैठक में हिस्सा लेंगे। वह पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री हैं।

अब सवाल यह है कि इससे पहले पाकिस्तान का कौन सा मंत्री भारत आया था। दरअसल आखिरी बार मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी भारत आए थे। वह गोवा में आयोजित SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे। यानी नवंबर 2026 में होने वाला यह दौरा पिछले दौरे के करीब साढ़े तीन साल बाद होगा।

उस समय भी बिलावल भुट्टो का भारत आना काफी चर्चा में रहा था। भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण थे। इसके बाद मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया था।

ऐसे माहौल में पाकिस्तान के मंत्री का दिल्ली आना काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि यह दौरा SCO के आधिकारिक कार्यक्रम के लिए है और इसे भारत पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय बातचीत की शुरुआत नहीं माना जाना चाहिए।

फिलहाल सबकी नजर 20 नवंबर से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम पर है कि इसमें पाकिस्तान समेत दूसरे देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी कैसी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button