मलक्का स्ट्रेट की सुरक्षा के लिए ASEAN देशों के साथ नई रणनीति बनाएगा भारत

India News(Speedbharatnews): मलक्का स्ट्रेट से लेकर हिंद महासागर तक समुद्री सुरक्षा मजबूत करने के लिए भारत अब दक्षिण पूर्व एशिया के देशों के साथ मिलकर काम करने की तैयारी में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिलीपींस यात्रा से पहले भारत सरकार ने साफ कर दिया है कि समुद्री रास्तों की निगरानी और सुरक्षा बढ़ाना उसकी बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए ASEAN देशों के साथ बातचीत और सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 और 17 नवंबर 2026 को फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचेंगे। इस दौरे से पहले विदेश मंत्रालय के सचिव ईस्ट रुद्रेंद्र टंडन ने समुद्री सुरक्षा को लेकर भारत की योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मलक्का स्ट्रेट का बड़ा हिस्सा कुछ ASEAN देशों के समुद्री क्षेत्र में आता है जबकि भारत इस इलाके से बाहर है। ऐसे में इतने बड़े समुद्री रास्ते पर नजर रखने के लिए सभी देशों का मिलकर काम करना जरूरी है।
मलक्का स्ट्रेट दुनिया के सबसे जरूरी समुद्री रास्तों में गिना जाता है। यह हिंद महासागर को प्रशांत महासागर से जोड़ता है। दुनिया के कई देशों तक तेल और दूसरी जरूरी चीजें पहुंचाने के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल होता है। आंकड़ों के मुताबिक 2025 की पहली छमाही में यहां से रोजाना औसतन 2 करोड़ 32 लाख बैरल तेल का परिवहन हुआ। यह दुनिया के कुल समुद्री तेल परिवहन का करीब 29 फीसदी है।
भारत चाहता है कि इस रास्ते पर समुद्री डकैती अवैध मछली पकड़ने और दूसरी गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई जाए। इसके लिए ASEAN देशों के बीच सूचनाओं का आदान प्रदान और साथ मिलकर समुद्री गश्त करने पर जोर दिया जा रहा है।
भारत और ASEAN देशों के बीच बढ़ते रिश्तों की झलक सितंबर 2026 में भी देखने को मिली थी। फिलीपींस के सुबिक बे में आयोजित ASEAN India Maritime Exercise 2026 में भारतीय नौसेना के INS सह्याद्रि और INS कुलिश ने हिस्सा लिया था। इस दौरान समुद्री सुरक्षा आपदा राहत और नौसैनिक तालमेल से जुड़े अभ्यास किए गए।
भारत की यह कोशिश उसकी एक्ट ईस्ट नीति और इंडो पैसिफिक रणनीति से भी जुड़ी है। आने वाले समय में ASEAN देशों के साथ बेहतर तालमेल से भारत की समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक रास्तों की निगरानी को मजबूती मिल सकती है।