
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्णप्रयाग प्रकरण को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और कानून अपना काम कर रहा है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पार्टी प्रकोष्ठों की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं करेगी।
चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा सुचारू
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पूरी तरह व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि यात्रा के दौरान हर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर पुलिस का एक्शन
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने बताया कि कर्णप्रयाग और नगरासू घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर भड़काऊ, भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
श्रद्धालुओं से परंपराओं के सम्मान की अपील
डीजीपी दीपम सेठ ने चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से उत्तराखंड की धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक मान्यताओं और स्थानीय रीति-रिवाजों का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई व्यवहार या टिप्पणी न करें जिससे जनभावनाएं आहत हों या सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो। पुलिस और प्रशासन ने सामाजिक संगठनों के सहयोग से स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित रखा है और भविष्य में भी शांति बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जाएगी।