राज्य

18 कनाल जमीन का सौदा कर 9 लाख लेने के बाद रजिस्ट्री से किया इंकार, तीन लोगों पर धोखाधड़ी का केस

जिले के गांव पोहड़कां में कृषि भूमि के सौदे को लेकर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने 18 कनाल जमीन के सौदे में 9 लाख रुपये लेने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं कराने और शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2020 में हुआ था 18 लाख रुपये में जमीन का सौदा

मोहल्ला जेल ग्राउंड निवासी अनिल गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2020 में उन्होंने गांव पोहड़कां निवासी मदन लाल, साहब राम उर्फ साबा और उनके पिता मांगे राम से 18 कनाल कृषि भूमि 18 लाख रुपये में खरीदने का समझौता किया था। 22 सितंबर 2020 को दोनों पक्षों के बीच इकरारनामा हुआ। उस समय आरोपियों ने बताया था कि जमीन पर न्यायालय का स्टे लगा है और स्टे हटते ही रजिस्ट्री उनके नाम कर दी जाएगी।

18 कनाल जमीन का सौदा कर 9 लाख लेने के बाद रजिस्ट्री से किया इंकार, तीन लोगों पर धोखाधड़ी का केस

इलाज के नाम पर लिए अतिरिक्त रुपये

शिकायत के अनुसार इकरारनामे के समय 4 लाख रुपये बतौर बयाना दिए गए थे। बाद में आरोपियों ने पिता के इलाज का हवाला देकर 5 लाख रुपये और ले लिए। इस तरह कुल 9 लाख रुपये आरोपियों को दिए गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मार्च 2026 में लोक अदालत के माध्यम से जमीन से स्टे हटने के बाद भी आरोपी लगातार रजिस्ट्री टालते रहे और अंत में साफ मना कर दिया।

धमकी देने और पानी की बारी बेचने का भी आरोप

अनिल गोयल का कहना है कि जमीन की कीमत बढ़ने के कारण आरोपी अब सौदे से पीछे हट गए। विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि साझा ट्यूबवेल से संबंधित उनकी 10 घंटे की पानी की बारी बिना अनुमति किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई। इसके बदले 3 लाख रुपये तय हुए थे, जिनमें से केवल 1.5 लाख रुपये ही खाते में जमा कराए गए, जबकि शेष राशि अब तक नहीं दी गई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button